दो फौजियों की करतूत ने सेना की वर्दी को दागदार कर दिया। एक जिलास्तरीय वॉलीबाल खिलाड़ी को धोखे से थाना सुभाषनगर के पास होटल नेशनल पैलेस में ले जाकर दोनों ने न सिर्फ गैंग रेप किया बल्कि उसकी वीडियो क्लिपिंग भी बना ली।
इसके बाद उसे वहीं छोड़कर फरार हो गए। आरोपी फौजियों में से एक सचिन की लड़की से पहले से दोस्ती थी। प्रैक्टिकल देने जा रही पीड़िता को वह कॉलेज छोड़ने के बहाने बाइक पर शहर ले आया था।
पुलिस ने उसके साथी भूरे को गिरफ्तार कर लिया है। होटल मालिक को भी हिरासत में लिया गया है। सचिन की तलाश में दबिशें दी जा रही हैं।
बीए की छात्रा है पीड़िता
बीए की पढ़ाई कर रही कैंट इलाके के एक गांव में रहने वाली पीड़िता के मुताबिक बुधवार को उसका प्रैक्टिकल था। वह कॉलेज जाने के लिए घर से निकल रही थी तभी फरीदपुर के गांव सिमरा बोरीपुर में रहने वाले फौजी सचिन का उसका पास फोन आया जो इंटरमीडिएट में उसी के साथ पढ़ता था।
सचिन ने उससे कहा कि वह उसे क्यारा ब्लॉक के पास मिले। वह उसे कॉलेज छोड़ देगा। पीड़िता का आरोप है कि सचिन उसे बाइक से बैठाकर कॉलेज छोड़ने के बजाय सुभाषनगर पुलिया के पास होटल नेशनल पैलेस ले आया।
होटल में ले जाकर किया रेप
आरोपियों ने होटल में अपनी आईडी दिखाकर कमरा बुक कराया और फिर कुछ बातचीत करने के बहाने उसे कमरे में ले गया।
पीड़िता का कहना है कि होटल से ही फोन करके सचिन ने अपने गांव के ही साथी भूरे को भी बुला लिया। भूरे भी फौज में है। दोनों ने उसके मुंह पर कपड़ा रखकर उसके साथ रेप किया। उसने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट भी की।
आरोपियों ने बनाई वीडियो क्लिपिंग
रेप के दौरान दोनों आरोपियों ने पीड़िता की वीडियो क्लिपिंग भी बनाई और उसे धमकी दी कि अगर उसने किसी को कुछ बताया तो उसकी क्लिपिंग को इंटरनेट पर डाल देंगे। इसके बाद दोनों फौजी उसे होटल के बाहर छोड़कर फरार हो गए।
पीड़िता ने इसके बाद वहीं रोना-बिलखना शुरू कर दिया। इस पर भीड़ इकट्ठी हो गई। कुछ लोगों की सलाह पर वह पास ही में थाना सुभाषनगर पहुंची और पुलिस को सारा वाकया बताते हुए तहरीर दी।
चंडीगढ़ में तैनात है एक आरोपी
पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर बताया कि सचिन राजपूत रेजिमेंट चंडीगढ़ में तैनात है जबकि उसका साथी भूरे खुद को 23 राजपूताना रायफल्स आगरा में तैनात बता रहा है। पुलिस ने होटल मालिक यूसुफ को भी हिरासत में ले लिया है।
विवेचक विनय कुमार सरोज ने बताया कि मेडिकल परीक्षण में लड़की के साथ रेप की पुष्टि हो गई है। एसपी सिटी राजीव मल्होत्रा ने बताया कि मुख्य आरोपी सचिन की तलाश की जा रही है। कई जगह दबिश दी गई है लेकिन अभी वह हाथ नहीं लग पाया है।