प्रेमिका को लेकर घर से भागे एक युवक की सोमवार सुबह गोली मारकर हत्या कर दी गई। अलीगढ़ के क्वारसी चिलगोरा निवासी युवक अजय उर्फ दिनेश (22) दो दिन पूर्व अपनी प्रेमिका के साथ भागकर डिबाई बहन के घर पहुंचा था। दबाव पड़ने पर उसने प्रेमिका को उसके परिजनों के हवाले कर दिया और डिबाई से छतारी के गांव पंड्रावल निवासी अपनी दूसरी बहन के घर आ गया। सोमवार सुबह बाइक सवार कुछ लोगों ने गांव पड्रावल के बाहर दिनदहाड़े गोली मारकर अजय की हत्या कर दी। मृतक के भाई की तहरीर पर प्रेमिका के पिता, बहनोई और अज्ञात लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस जांच में जुट गई है।
अजय का साकलपुर निवासी इंटर की छात्रा से कई वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। भाई वीरेश ने बताया कि अजय की शादी कर दी गई थी, लेकिन उसने पत्नी को छोड़ दिया। आरोप है कि 29 नवंबर को अजय अपनी प्रेमिका को भगाकर डिबाई के समलपुर स्थित बहन के घर आ गया। लेकिन जब दबाव पड़ा तो उसने प्रेमिका को 30 नवंबर को उसके परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद वह अपनी बड़ी बहन के घर पंड्रावल आ गया।
वीरेश का आरोप है कि सोमवार सुबह अजय की प्रेमिका ने फोन पर उसे पंड्रावल गांव के बाहर फिर से भाग चलने के लिए बुलाया। आरोप है कि जैसे ही अजय गांव के बाहर पहुंचा पहले से घात लगाए बैठे तीन बाइक सवार लोगों ने उसे बाइक पर बैठा लिया और कुछ दूर ले जाकर दिनदहाड़े गोली मारकर उसकी हत्या कर दी और भाग निकले। फायरिंग की आवाज सुनकर जब तब ग्रामीण मौके पर पहुंचे अजय दम तोड़ चुका था। परिजन अजय उर्फ दिनेश की हत्या को ऑनर किलिंग बता रहे हैं। पुलिस ने पंचनामा भर कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक अजय के भाई वीरेश ने प्रेमिका के पिता सत्यवीर सिंह, बहनोई भानू और अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस हत्याकांड की तफ्तीश में जुटी है।
प्रेमिका के लिए पत्नी को ठुकरा दिया था अजय ने
अजय उर्फ दिनेश का पड़ोस के गांव निवासी इंटर की छात्रा से प्रेम संबंध कई साल पुराना था। दोनों के संबंध इस कदर मजबूत हो चुके थे कि अजय ने परिजनों के दबाव में शादी तो कर ली लेकिन पत्नी को नहीं अपनाया। शादी के कुछ ही दिनों बाद उसने पत्नी को छोड़ दिया। परिजनों के मुताबिक ऊंची बिरादरी की युवती से प्रेम और उसे घर से भगाकर ले जाना अजय के लिए जानलेवा साबित हुआ।
मृतक अजय के मौसेरे भाई उदवीर ने बताया कि सोमवार को पंड्रावल में जिस प्रेमिका के लिए अजय की हत्या कर दी गई, उसी खातिर अजय ने अपनी बीवी को छोड़ दिया था। उदवीर के मुताबिक दोनों के बीच प्रेम संबंध बीते पांच साल से थे। जिस रास्ते होकर युवती स्कूल जाती थी, उसी रास्ते पर अजय की मोबाइल शॉप थी। गैर बिरादरी के होने के कारण दोनों ने कभी समाज के सामने खुलकर अपने प्यार का इजहार नहीं किया लेकिन युवती अपने परिवार के डर से चुपचाप अजय के घर आती और पूरे परिवार के बीच बहू जैसा व्यवहार करती थी। उदयवीर का दावा है कि दोनों ने कोर्ट में शादी भी कर ली थी, लेकिन दोनों ने शादी की बात अपने परिवार वालों से छिपाकर रखी। यही कारण रहा कि जब 29 नवंबर को अजय अपनी प्रेमिका को लेकर भागा तो उसके परिजन शादी कराने का झांसा देकर अपनी बेटी का साथ ले गए।
मां ने घर से बाहर जाने से रोका
मृतक के भाई वीरेश की मानें तो सोमवार सुबह उसकी मां ने चिलगोरा से पंड्रावल में बहन को फोन कर बदमाशों का पीछा करने के कारण अजय को घर से बाहर निकलने के लिए रोका था। हालांकि जब तक मां का फोन आया अजय पंड्रावल में रहने वाली बहन के घर से निकल चुका था और कुछ ही देर बाद परिजनों को अजय की हत्या की सूचना मिली तो कोहराम मच गया।
क्या कहते हैं पुलिस अफसर
छतारी के एसओ गनेश चौहान ने बताया कि मृतक अजय के भाई वीरेश की तहरीर पर अलीगढ़ जनपद के साकलपुर निवासी सत्यवीर सिंह, उसके दामाद भानू और अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। परिजनों ने मृतक अजय की प्रेमिका के पिता और बहनोई पर हत्या का आरोप लगाया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।