यूपी बोर्ड परीक्षा की तिथि घोषित होने के साथ-साथ नकलविहीन परीक्षा की तैयारी शुरू हो गई है। नकल पर नकेल के लिए बोर्ड ने विशेष तैयारी की है। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा की ऑनलाइन निगरानी के लिए राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) शाहगंज में जिला स्तरीय कंट्रोल रूम बना दिया गया है। यह 14 मार्च से शुरू हो जाएगा। जिले के सभी 180 परीक्षा केंद्र सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से इससे जुड़ेंगे। करीब 120 केंद्र जोड़ भी लिए गए हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार की ओर से कंट्रोल रूम में स्टाफ की ड्यूटी दो पाली में लगा दी गई है। पहली पाली में कनिष्ठ सहायकों को लगाया गया है। इनकी ड्यूटी सुबह 06:30 से दोपहर 01:00 बजे तक रहेगी। दूसरी पाली में छह कनिष्ठ सहायक लगाए गए हैं। इनकी ड्यूटी दोपहर 01:00 बजे से रात 08:00 बजे तक रहेगी।
कंट्रोल रूम में लगाए गए स्टाफ को सोमवार अपनी उपस्थिति परीक्षा प्रभारी अतुल कुमार को देनी है। कंट्रोल रूम का संचालन रविवार और अवकाश के दिनों में भी किया जाएगा। परीक्षा समाप्त होने तक किसी प्रकार का अवकाश नहीं दिया जाएगा। कंट्रोल रूम में तीन कंप्यूटर और तीन एलईडी लगाए जा रहे हैं। इनके माध्यम से परीक्षा केंद्रों की निगरानी की जाएगी।
जेडी ने जीआईसी का निरीक्षण किया
यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए कॉपियों का वितरण किया जा रहा है। रविवार को कुछ प्रश्नपत्र भी आ गए। मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक (जेडी) डॉ. मुकेश अग्रवाल ने रविवार को जीआईसी का निरीक्षण किया। प्रश्नपत्रों के रखरखाव की स्थिति देखी। प्रधानाचार्य को प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए पुलिस की मांग करने के लिए कहा। कॉपियों के वितरण की स्थिति देखी। स्टाफ से कहा कि परीक्षा केंद्रों को कॉपियां गिनवाकर ही दिया जाएं, जिससे बाद में वह कॉपी कम निकलने की शिकायत न कर सकें। इस दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार और जीआईसी के प्रधानाचार्य अरुण कुमार सिंह भी मौजूद रहे।