उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में पूर्वी यमुना नहर में नहाते समय दो श्रमिकों की मौत हो गई है। राजस्थान से आए श्रमिक डेडीकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के निर्माण में जुटे थे।
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में आज सुबह पूर्वी यमुना नहर में नहाते समय दो श्रमिकों की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शवों को बमुश्किल बाहर निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार सहारनपुर से लेकर पिलखनी तक इन दिनों डेडीकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के निर्माण का कार्य चल रहा है। सहारनपुर में पूर्वी यमुना नहर पर भी पिलर का निर्माण कराया जा रहा है। राजस्थान से आए श्रमिक कॉरिडोर के निर्माण में जुटे हैं। इन्हीं में से दो श्रमिक गहरे कुंड में नहाते समय डूब गए और उनकी मौत हो गई।
कुतुबशेर थाना प्रभारी निरीक्षक पीयूष दीक्षित ने बताया कि राजस्थान के जोधपुर शहर के संतोष विहार निवासी कैलाश राम (23)पुत्र दयाल राम और मांगेलाल (24) पुत्र सियाराम पूर्वी यमुना नहर में नहाने लगे। दोनों पिलर के लिए बनाए गए गहरे कुंड में डूब गए, जिससे दोनों की मौत हो गई।
साथी कर्मियों की सूचना पर पुलिस ने गोताखोरों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद दोनों श्रमिकों के शवों को बाहर निकाला। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतकों के परिजनों को हादसे के संबंध में जानकारी दे दी गई है।