विकास खंड नगरोटा सूरियां की पंचायत सुगनाड़ा में प्रधान पद की हार जीत के अंतर को लेकर विरोध जारी है। चार मतों के अंतर से हारे प्रत्याशी सुभाष के समर्थकों ने बुधवार को विकास खंड मुख्यालय के सामने जवाली के विधायक और सीपीएस नीरज भारती और अन्य पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष चंद्र कुमार के खिलाफ जम कर नारेबाजी की। आरोप लगाया कि राजनीतिक साजिश के तहत मतगणना में हेराफेरी करके सुभाष को प्रधान पद से बहुत कम मतों के अंतर से हराया गया है।
बुधवार को सुभाष के नेतृत्व में समर्थकों ने पंचायत में प्रधान पद का चुनाव दोबारा करवाने का मांग पत्र भी खंड विकास अधिकारी सुरेंद्र नरियाल को सौंपा। मंगलवार रात को जब प्रधान पद के मतों की गिनती हुई तो दोनों प्रत्याशियों ने मतगणना केंद्र के दरवाजे को तोड़ना शुरू कर दिया। बात इतनी बढ़ गई कि रात को ही एसडीएम ज्वाली मोहनदत्त शर्मा और डीएसपी धर्म चंद वर्मा को पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचना पड़ा और मामले को शांत कर प्रधान पद के चुनाव की घोषणा कर दी गई।
चार मतों से हारे प्रत्याशी सुभाष चंद का कहना है कि रात को एआरओ ने हंगामे के बाद कहा कि अब प्रधान पद के मतों की गणना सुबह की जाएगी और उन्हें घर भेज दिया गया। आरोप है कि एसडीएम ने उनकी गैर मौजूदगी में ही परिणाम घोषित कर दिया। उन्होंने इसे राजनीतिक साजिश करार देते हुए पंचायत में प्रधान पद के चुनाव को रद्द कर दोबारा चुनाव करवाने की मांग की है।
सुरिंद्र नरियाल ने आश्वासन दिया कि उनके मांग पत्र को जिलाधीश को आगामी कार्रवाई के लिए भेज दिया जाएगा। सवाल यह है कि प्रधान पद के नतीजे घोषित होने से पहले ही बाहर भीड़ को हार जीत के मतों के अंतर का कैसे पता चला। इस बारे में चुनाव करवाने वाले सभी अधिकारी मौन हैं।