मोहाली के नए एसएसपी को गैंगस्टरों द्वारा दी गई धमकियों के बाद 60 से 70 लाख के बीच की रेंज वाली फॉर्च्यूनर दी गई है। यह पूरी तरह से बुलेटप्रूफ है। इसके टायर में गोली लगने पर भी वह पंक्चर नहीं होती है। वहीं, इसकी एवरेज एक लीटर्र इंधन में महज छह से सात किलोमीटर है। इस पर मोहाली सीरीज का नंबर लगा है।
पीसीआर में अब गाड़ियों की कमी नहीं है। पीसीआर सिस्टम को सुधारा जाएगा। चंडीगढ़ की तरह पीसीआर का घटना स्थल पर पहुंचने का समय तय किया जाएगा। ताकि लोगों को किसी प्रकार की मुश्किल न उठानी पड़े। यह दावा शुक्रवार को नए एसएसपी कुलदीप सिंह चहल ने पदभार संभालने के बाद किया।
इस मौके पर एसएसपी ने बताया कि वह चंडीगढ़ में पैदा हुए। उनकी पढ़ाई-लिखाई भी चंडीगढ़ में हुई। इसके अलावा वह चंडीगढ़ में पुलिस की नौकरी भी कर चुके हैं। ऐसे में मोहाली उनका अपना शहर है। वह इस शहर को अच्छी तरह समझते हैं।
विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से होंगे
Mohali SSP Kuldeep Singh Chahal
- फोटो : अमर उजाला
उन्होंने कहा कि यहां के लोग शिक्षित हैं। लोगों को पुलिस से कई उम्मीदें हैं। उनकी कोशिश यही रहेगी कि लोगों की उम्मीदों को पूरा किया जाए। इसके अलावा उन्होंने कहा कि क्राइम को कंट्रोल करने के लिए वह ट्राइसिटी की पुलिस के साथ मिलकर काम करेंगे। इसके अलावा लेटेस्ट टेक्नोलॉजी का भी पुलिस प्रयोग करेगी। ताकि पुलिस और पब्लिक के बीच में एक अच्छा माहौल पैदा हो सके।
जिक्रयोग है कि नाभा जेल ब्रेक कांड के बाद कुलदीप सिंह चहल और एक अन्य एसएसपी को गैंगस्टरों से जान से मार देने की धमकियां मिली थीं। इसके बाद सरकार ने उन्हें बुलेट प्रूफ कार मुहैया करवाने की दिशा में कार्रवाई की है।
वेबसाइट से मिलेगी हर जानकारी
चहल ने बताया कि अब उनकी कोशिश जिला पुलिस विभाग की वेबसाइट को अपडेट करने की है। ताकि लोगों को हर जरूरी जानकारी वेबसाइट से आसानी से मिल पाए। उन्हें विभिन्न दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़े।
विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से होंगे
एसएसपी ने बताया कि उनकी कोशिश विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से करवाने की है। इसके लिए पुलिस मुस्तैदी से काम करेगी। उन्होंने कहा कि जिले में गुंडागर्दी किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हुल्लड़बाजी पर भी कसेगा शिकंजा
वहीं, एसएसपी ने कहा कि शाम के समय बाजारों में हुल्लड़बाजी करने वालों पर भी पुलिस की नजर रहेगी। इसके लिए पूरा प्लान तैयार किया जाएगा। वहीं, रिहायशी एरिया में पीजी में रहने वाले शरारती किस्म के लोगों पर भी पुलिस नजर रखेगी। इसके लिए स्पेशल टीमें गठित की जाएंगी।