मध्यप्रदेश में मौसम बदला हुआ है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के जबलपुर संभाग के जिलों में कई जगह बारिश हुई। रीवा संभाग के जिलों में लगभग सभी स्थानों पर वर्षा दर्ज की गई। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 32.1°C खंडवा में दर्ज किया गया तथा सबसे कम न्यूनतम तापमान 11.0°C टीकमगढ़ / पचमढ़ी ( नर्मदापुरम) में दर्ज किया गया।
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश के छतरपुर, पन्ना, सागर, दमोह, कटनी और जबलपुर में मध्यम से घना कोहरा छाया रहा। भिंड, मुरैना, ग्वालियर, दतिया, पूर्वी शिवपुरी, अशोकनगर, निवाड़ी, टीकमगढ़, सतना, रीवा, मऊगंज, उमरिया ओर सीधी में हल्का से मध्यम कोहरा छाया रहा। न्यूनतम दृश्यता सुबह के समय सागर में 50 मीटर, जबलपुर हवाई अड्डे पर 100 मीटर, खजुराहो हवाई अड्डे, दमोह और सतना में 200 मीटर एवं ग्वालियर हवाई अड्डे पर 700 मीटर दर्ज की गई।
न्यूनतम तापमान ग्वालियर संभाग के जिलों में काफी बढ़े एवं शेष सभी संभागों के जिलों के तापमानों में विशेष परिवर्तन नहीं हुआ। वे भोपाल संभाग के जिलों में सामान्य से अधिक रहे। नर्मदापुरम, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर और सागर संभागों के जिलो में काफी अधिक रहे। रीवा ओर शहडोल संभागों के जिलों में विशेष रूप अधिक रहे एवं शेष सभी संभागों के जिलों में सामान्य रहे।
वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पूर्व से दक्षिण-पश्चिम की ओर विस्तृत ट्रफ के रूप में सक्रिय है, जबकि चक्रवातीय परिसंचरण मध्य महाराष्ट्र के आसपास माध्य समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर अव्यवस्थित है। वहीं, इस चक्रवार्तीय परिसंचरण से लेकर मध्य प्रदेश से होते हुए पूर्वोत्तर उत्तर प्रदेश तक फैले टफ के साथ दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के साथ पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश में अभी भी नमी आ रही है।
कैसा रहेगा कल का मौसम
मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो सिंगरौली, सीधी, मऊगंज, अनूपपुर, शहडोल, डिंडोरी और जबलपुर जिलों में बिजली गिरने और तेज बारिश की चेतावनी है। वहीं चंबल संभाग के जिलों में, ग्वालियर, दतिया, रीवा, सतना, अनूपपुर, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में घने कोहरे की चेतावनी है।
कल हुई वर्षा के प्रमुख आंकड़े (सेमी में)
मप्र में मंगलवार को मऊगंज 4, सिहावल 3, गुढ 2, रीवा 2, हनुमना 2, हुजूर 2, उचेहरा 1, मनगवां 1, जावा 1, बीरसिंहपुर 1, सतना 1, चितरंगी 1, त्योंथर 1, नईगढ़ी 1, देवसर 1 सेमी तक बारिश दर्ज की गई।
इन जिलों में हुई ओलावृष्टि
अनूपपुर (कोतमा, जेतहरी, अनूपपुर, पुश्पराजद, बिजुरी, भालुमाड़ा), छिन्दवाड़ा (छिन्दवाड़ा, परासिया, पांदूरन), डिंडोरी (डिंडोरी, करांजिया), सिंगरौली (देवसर, बरका), पन्ना (अजयगढ़, शाहनगर), सतना (मझगवां, चित्रकूट), उमरिया, कटनी (कटनी, बहोरीबंद), सीधी (रामपुर नैकिन, मझौली, कुसमी), जबलपुर (जबलपुर), छतरपुर (लवकुशनगर, गोरिहार)। पन्ना (अजयगढ़, शाहनगर), छतरपुर (चंदला, बारीगढ़, नौगांव), सिंगरौली (शक्तिनगर), रीवा (गुढ, मनगवां, त्योंथर, बैकुंठपुर), सतना (मझगवां, तराई) में ओले गिरे हैं।