एचपीसीए क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में 25 से 29 मार्च तक भारत और आस्ट्रेलिया के बीच होने वाले टेस्ट मैच के लिए काउंटर टिकट 18 मार्च से सुबह 10 से शाम 6 बजे तक एचपीसीए के काउंटर पर दर्शकों को मिलेंगी। पहले टेस्ट की मेजबानी के लिए एचपीसीए पूरी तरह से तैयार है। टिकटों का रेट 200 से 30 हजार रुपये तक तय किया गया है।
जिन दर्शकों ने ऑनलाइन टिकट बुक किए हैं वे एचपीसीए के काउंटर में स्लिप देकर मैच के लिए टिकट ले सकते हैं। वहीं, मैच के लिए भारतीय टीम धर्मशाला में 21 मार्च को पहुंचेगी। जबकि, आस्ट्रेलिया की टीम 22 मार्च को शिरकत करेगी। दोनों टीमें धर्मशाला के मैदान पर 24 मार्च तक पसीना बहाएंगी।
उधर, पहले टेस्ट मैच का प्रचार और उसमें भीड़ जुटाने के लिए एचपीसीए ने कमर कस ली है। लाउड स्पीकर से लेस टेस्ट मैच के रंग में रंगी एक जीप को प्रचार के लिए एचपीसीए ने शुक्रवार को धर्मशाला से रवाना किया। यह टीम जिला भर में लोगों में टेस्ट मैच का प्रचार करेगी। एचपीसीए के प्रवक्ता संजय शर्मा ने बताया कि काउंटर पर टिकट 18 मार्च से मिलेंगी। मैच के प्रचार के लिए एक वाहन को हरी झंडी देकर रवाना किया गया है।