फिर बनेगी योगी के नेतृत्व की सरकार
मुहम्मदाबाद स्थित शहीद पार्क में भाजपा के पूर्व विधायक कृष्णानंद राय की पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में उपमुख्यमंत्री ने चालीस मिनट तक संबोधित किया। संबोधन के अंत में उपमुख्यमंत्री ने कृष्णानंद राय की शहादत को व्यर्थ न जाने देने और प्रदेश में गुंडा माफिया के खिलाफ कार्य करने के लिए योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में फिर सरकार बनाने की अपील की। साथ ही उपस्थित लोगों से हाथ उठवा कर आगामी चुनाव में भाजपा को जिताने का भरोसा लिया।
योगी सरकार ने माफिया में पैदा किया भय: उपेंद्र तिवारी
प्रदेश के खेल व युवा कल्याण राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार उपंन्द्र तिवारी ने कृष्णानंद राय एवं उनके साथियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि प्रदेश की योगी सरकार गुंडा माफिया के खिलाफ बुल्डोजर चला कर माफियाओं में भय पैदा कर दिया है। योगी सरकार बिना पक्षपात के विकास कार्य में लगी है।
विधायक की लड़ाई अंतिम सांस तक लड़ूंगी : अलका राय
कृष्णानन्द राय की पत्नी व स्थानीय विधायक अलका राय ने श्रद्धांजलि सभा में आए हुए लोगों का आभार प्रकट किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मुहम्मदाबाद की जनता ने मुझे विधायक बनाकर जो ताकत दी है। वह मेरे पति के प्रति उनके प्रेम व स्नेह का परिचायक है। मैं विधायक की लड़ाई को अंतिम सांस तक लड़ती रहूंगी।
अतिथियों के स्वागत में लगे रहे पीयूष और आनंद
श्रद्धांजलि सभा में विधायक सुभाष पासी, जिलाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह, जम्मू-काश्मीर के उपराज्यपाल के पुत्र अभिनव सिन्हा ने श्रद्धांजलि अर्पित की। कृष्णानन्द राय के पुत्र पीयूष राय एवं भतीजे आनंद राय मुन्ना सुबह से ही शहीद पार्क के द्वार पर खड़े होकर सभी आने वाले अतिथियों का स्वागत व अभिवादन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कैप्टन अनिरुद्ध राय और संचालन कृष्ण बिहारी राय तथा रामजी गिरि ने किया।