पाकिस्तान ने श्रीनगर से शारजाह के लिए शुरू की गई गो फर्स्ट की उड़ान को अपना हवाई क्षेत्र इस्तेमाल करने की अनुमति देने से इंकार करने के बाद जम्मू-कश्मीर के कई नेताओं ने प्रतिक्रिया जाहिर की है। जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कांफ्रेस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने ट्वीट कर इसे दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया।
यह भी पढ़ें-- श्रीनगर से शारजाह जाने वाली फ्लाइट को नहीं दिया रास्ता, अपने एयरस्पेस के इस्तेमाल पर लगाया प्रतिबंध
उन्होंने लिखा -पाकिस्तान ने 2009-2010 में श्रीनगर से दुबई के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान के साथ भी ऐसा ही किया था। मुझे उम्मीद थी कि गो फर्स्ट की उड़ान को पाक हवाई क्षेत्र के ऊपर से उड़ान भरने की अनुमति दी जा रही है, यह संबंधों में नरमी आने का एक संकेत था। ऐसा नहीं होना चाहिए था।
महबूबा ने केंद्र पर ठीकरा फोड़ा
पीडीपी अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने ट्वीट कर इस स्थिति के लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार बताया। लिखा -हैरानी की बात है कि भारत सरकार ने श्रीनगर से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र का उपयोग करने के लिए उनसे अनुमति लेने की भी जहमत नहीं उठाई। बिना किसी ग्राउंडवर्क के केवल तमाशे के लिए इस तरह की घोषणा कर दी।
गृहमंत्री ने 23 अक्तूबर को किया था उद्घाटन
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पिछले माह कश्मीर घाटी के अपने दौरे के दौरान 23 अक्तूबर को श्रीनगर में इसका उद्घाटन किया था। पाकिस्तान के इनकार के बाद संयुक्त अरब अमीरात जाने वाली उड़ाने को गुजरात के ऊपर से गुजर कर लंबा रास्ता तय करना पड़ेगा। 31 अक्टूबर तक श्रीनगर-शारजाह फ्लाइट पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र से गुजर रही थी। परंतु मंगलवार को पाकिस्तान ने उड़ान को अपने हवाई क्षेत्र से गुजरने की अनुमति नहीं दी।