शहर के थानों में दर्ज नहीं हुआ कोई मामला
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौर के चलते पुलिस दिनभर मुस्तैद रही। थानों में सन्नाटा पसरा रहा। शहर में कोई चेकिंग भी नहीं हुई। मंगलवार ऐसा दिन रहा, जिसमें शहर के किसी भी थाने में चोरी का मुकदमा तक दर्ज नहीं हुआ। पुलिस ने बताया कि मंगलवार को अपराध मुक्त शहर रहा। इसको लेकर पुलिस के अधिकारियों में चर्चा बनी रही। एसपी सिटी विनीत भटनागर का कहना है कि सिविल लाइन, नौचंदी, मेडिकल, कोतवाली, देहलीगेट, लिसाड़ीगेट, लालकुर्ती, सदर बाजार समेत कई थानों में कोई मुकदमा नहीं लिखा गया।
अमित को किया नजरबंद
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में व्यावधान की आशंका के चलते गंगानगर पुलिस ने हिंदू स्वाभिमान संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित भारद्वाज को थाने में नजरबंद कर दिया। लगभग तीन घंटे के बाद उन्हें छोड़ा गया। अमित भारद्वाज ने बताया कि वह मुख्यमंत्री से मिलना चाहते थे। मंगलवार को घर पहुंची पुलिस ने उन्हें नजरबंद कर दिया।
नहीं हो पाई मंडलीय समीक्षा बैठक
आयुक्त सभागार में विकास कार्य एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा के लिए प्रस्तावित मंडलीय बैठक नहीं हो सकी। अंतिम समय में इसे रद कर दिया गया। सीएम के पहुंचने से पहले शाम चार बजे इसकी सूचना मिली।