सीएम डैश बोर्ड के अंतर्गत विकास कार्यों की जनवरी की रैंकिंग जारी हुई है। राजस्व की बात छोड़ दें तो बरेली को प्रदेश में प्रथम स्थान मिला है। अंबेडकर नगर दूसरे स्थान पर है। बरेली मंडल के पीलीभीत जिले को चौथा, शाहजहांपुर को 18वां व बदायूं को 64वां स्थान मिला है।
सीएम डैश बोर्ड पर हर महीने विकास योजनाओं की समीक्षा होती है। जनवरी की रैंकिंग सोमवार को जारी हुई है। रैंकिंग में शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, बिजली, पर्यावरण, जल निगम की विकास योजनाओं की समीक्षा में बरेली जिला आगे रहा है।
सूची के अनुसार अतिरिक्त उर्जा स्रोत, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, पर्यावरण, वन, श्रम एवं रोजगार, कृषि, पशुपालन की योजनाओं में जिला ए-प्लस की श्रेणी में है। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं में एंबुलेंस 102, 108 व बायोमेडिकल के निस्तारण, डायलिसिस सेवाओं में जिला अव्वल रहा है।
ओडीओपी मार्जिन मनी, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार, ओडीओपी टूल किट स्कीम, ग्रामीण विकास में भवन और सड़क निर्माण, प्रधानमंत्री आवास योजना, वृद्धावस्था पेंशन में आधार सीडिंग, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, कौशल विकास योजना, पंचायत राज विभाग के स्वच्छ भारत मिशन में भी ए-प्लस श्रेणी बरेली की रही है।