उत्तराखंड कोटे की एमबीबीएस व बीडीएस सीटों पर दाखिले के लिए उत्तराखंड प्री मेडिकल प्री डेंटल टेस्ट (यूपीएमटी) 2016 की आवेदन प्रक्रिया 21 मार्च से शुरू होगी। परीक्षा आयोजक हेमवती नंदन बहुगुणा चिकित्सा विवि इसकी आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन करेगा। अभ्यर्थी 25 अप्रैल तक इसके लिए आवेदन कर सकते हैं।
मंगलवार को एचएनबी मेडिकल विवि के कुलपति प्रो. पीके गर्ग ने नोटिफिकेशन जारी करते हुए बताया कि प्रवेश परीक्षा का शुल्क सामान्य व ओबीसी अभ्यर्थियों के लिए शुल्क 2000 रुपये होगा। आरक्षित वर्ग के लिए शुल्क 1400 रुपये होगा। शुल्क में बढ़ोतरी नहीं की गई है।
शुल्क इंटरनेट बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड, ई चालान या बैंक ड्राफ्ट से जमा किया जा सकता है। आवेदन प्रक्रिया केवल ऑनलाइन होगी, जिसके लिए सुविधा केंद्र भी प्रदेशभर में बनाए गए हैं, जिसकी जानकारी वेबसाइट पर उपलब्ध होगी।
परीक्षा में फर्जीवाड़ा रोकने के लिए न केवल वीडियोग्राफी और बायोमीट्रिक हाजिरी कराई जाएगी बल्कि फोरेंसिक स्याही से अंगुठे के निशान भी लिए जाएंगे। इस मौके पर कुलसचिव प्रो. विजय जुयाल भी मौजूद रहे।
यहां होगा परीक्षा का आयोजन
अल्मोड़ा, देहरादून, हल्द्वानी, श्रीनगर, गोपेश्वर और उत्तरकाशी।
महत्वपूर्ण तिथियां
आवेदन प्रारंभ होने की तिथि : 21 मार्च 2016
ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि : 25 अप्रैल 2016
प्रवेश पत्र वेबसाइट से डाउनलोड की तिथि : 5 मई 2016
प्रवेश परीक्षा की तिथि : 15 मई 2016 (सुबह दस से दोपहर एक बजे तक)
परीक्षाफल जारी करने की तिथि : 31 मई 2016 तक
इन सीटों के लिए परीक्षा
कालेज - कोर्स - सीटें
राजकीय मेडिकल कालेज, श्रीनगर - एमबीबीएस - 85
राजकीय मेडिकल कालेज, हल्द्वानी - एमबीबीएस - 85
हिमालयन इंस्टीट्यूट, जौलीग्रांट - एमबीबीएस - 25
एसजीआरआर मेडिकल कालेज - एमबीबीएस - 25
सीमा डेंटल कालेज, ऋषिकेश - बीडीएस - 50
उत्तरांचल डेंटल कालेज, देहरादून - बीडीएस - 50
(राजकीय दून मेडिकल कालेज को मान्यता के आधार पर सीटों की संख्या बढ़ जाएगी।)
यहां करें आवेदन : www.hnbumu.ac.in