उत्तराखंड में दसवीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में 75 फीसदी या इससे अधिक अंक लाने वाले बच्चों की माताएं सम्मानित होंगी।
कमला नेहरू पुरस्कार
इन माताओं को कमला नेहरू पुरस्कार दिया जाएगा। जिसके तहत इन्हें एक हजार रुपए की सम्मान राशि दी जाएगी। वहीं मेधावी बच्चों को दिए जाने वाले शैक्षिक उन्नयन पुरस्कार की राशि को सरकार ने दोगुना कर दिया है। गुरुवार को सर्वे ऑफ इंडिया के सभागार में बाल दिवस पर मेधावी छात्रों को पुरस्कृत करते हुए मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने यह घोषणा की।
पढ़ें, हल्के झटकों से ‘हल्की’ हो रही है धरती
मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चे को आदर्श नागरिक बनाने में मां की भूमिका सर्वोपरि है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय राज्य शैक्षिक उत्कृष्टता व तरुश्री सम्मान पुरस्कार कार्यक्रम में बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चे की पहली पाठशाला परिवार होता है। बच्चों पर नजर रखने के साथ ही उनके प्रति मित्रभाव रखना आवश्यक है।
अपना लक्ष्य निर्धारित करें
बच्चों को उनकी योग्यता, क्षमता व रुचि के अनुरूप करियर बनाने की स्वतंत्रता देनी चाहिए। प्रतिस्पर्धी युग को देखते हुए स्कूल जीवन में ही बच्चे अपना लक्ष्य निर्धारित करें। इस दौरान शिक्षा मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी ने बच्चों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।
पढ़ें, संतों से मोदी का 'रोल' जानने हरिद्वार पहुंचे सिंघल
उन्होंने कहा कि जीवन में शिक्षा का सर्वोपरि महत्व है। छात्रवृत्ति एवं पुरस्कार विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं। कार्यक्रम में विधायक गणेश जोशी, विधायक उमेश शर्मा, प्रमुख सचिव शिक्षा एस राजू, शिक्षा महानिदेशक राधिका झा, शिक्षा निदेशक माध्यमिक चंद्र सिंह ग्वाल, शिक्षा निदेशक बेसिक आरके कुंवर, मुख्य शिक्षा अधिकारी एसपी खाली आदि मौजूद थे।
ये मेधावी छात्र हुए पुरस्कृत
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने दसवीं की परीक्षा में प्रथम आने वाले विवेकानंद इंटर कॉलेज रानीधारा अल्मोड़ा के रोहित पंत, द्वितीय स्थान पाने वाले इसी स्कूल के नीलेश बिष्ट, तीसरे स्थान पर रहे एसपीएम इंटर कॉलेज नई टिहरी के अयोध्या प्रसाद भट्ट, इंटरमीडिएट में प्रथम आने वाले एमजीजीएसबीएम बेलनी रुद्रप्रयाग के नवदीप त्रिवेदी, द्वितीय स्थान पर रहे विवेकानंद बीएम इंटर कॉलेज लोहाघाट चंपावत के वैभव कांडपाल व तीसरे स्थान पर रहे एमजीजीएसबीएम बेलनी रुद्रप्रयाग के मृगेंद्र मंजुल को पुरस्कृत किया।
ये स्कूल हुए पुरस्कृत
मुख्यमंत्री ने हाईस्कूलों में एपीएचएसएस जवाहरनगर रूद्रप्रयाग, सेंट जार्ज एकेडमी नवादा देहरादून, राणा प्रताप इंटर कॉलेज खटीमा ऊधम सिंह नगर, इंटरमीडिएट में आईपी इंटर कॉलेज लक्सर हरिद्वार, गोस्वामी जीडीएसवीएमइका उत्तरकाशी व केआर कन्या इंटर कॉलेज शंतर शाह हरिद्वार को पुरस्कृत किया। इन स्कूलों को तीन लाख से लेकर आठ लाख रुपए तक की धनराशि और मुख्यमंत्री ट्रॉफी प्रदान की गई।
इन स्कूलों को मिला तरुश्री सम्मान
जीआईसी हर्बटपुर देहरादून, जतना इंटर कॉलेज फरसाली बागेश्वर व गंगोत्री गर्ब्याल जीजीआईसी पिथौरागढ़ को तरुश्री सम्मान से पुरस्कृत किया गया। प्रत्येक स्कूल को एक लाख की धनराशि, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया।
फेसबुक पर राय देने के लिए क्लिक करें---