एलयू में एमबीए के नौ कोर्सेज की 540 सीटों पर दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन फॉर्म गुुरुवार से एलयू की वेबसाइट www.lkouniv.ac.in पर उपलब्ध होंगे।
ऑनलाइन आवेदन फॉर्म जारी करने में किसी भी तरह की दिक्कत न हो इसके लिए एलयू प्रशासन ने प्रो. राजीव पांडेय की अध्यक्षता में एक तीन सदस्यीय कमेटी का गठन कर दिया है।
यह कमेटी एमबीए के ऑनलाइन फॉर्म जारी करने से लेकर मेरिट तैयार करने तक में टेक्निकल सहयोग देगी। कमेटी एडमिशन प्रक्रिया पूरा होने तक सहयोग देगी।
पहली बार एमबीए में कैट और नॉन कैट अभ्यर्थियों के लिए फॉर्म भरने के अलग-अलग ऑप्शन होंगे। लखनऊ विश्वविद्यालय मैनेजमेंट एडमिशन टेस्ट (एलयूमैट 2014) के लिए एलयू के कुलपति डॉ. एसबी निमसे की ओर से गठित कमेटी में प्रो. राजीव पांडेय को चेयरमैन, डॉ. अतुल श्रीवास्तव और विनीत सक्सेना को सदस्य के तौर पर शामिल किया गया है।
एलयू में एमबीए के नौ कोर्सेज में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन 20 मार्च से उपलब्ध होंगे। स्टूडेंट्स को 20 अप्रैल तक ऑनलाइन फॉर्म मिलेंगे। एमबीए टेस्ट 2014 में पहली बार नई व्यवस्था की गई है।
इसमें कैट स्कोर पर सीधे दाखिला लेने वाले स्टूडेंट्स के लिए अलग ऑप्शन होगा और नॉन कैट अभ्यर्थियों जिनको प्रवेश परीक्षा के माध्यम से दाखिला दिया जाएगा उनके लिए फॉर्म पर अलग विकल्प होगा।
एलयू प्रशासन का कहना है कि अगर किसी स्टूडेंट्स को लगता है कि उसका कैट स्कोर पर दाखिला होना मुश्किल होगा तो वे दोनों तरह के विकल्प से दो फॉर्म भर सकता है।
मेरिट और प्रवेश परीक्षा के बाद इंटरव्यू और ग्रुप डिसकशन होगा। इसके बाद अंतिम मेरिट लिस्ट तैयार कर स्टूडेंट्स को दाखिला दिया जाएगा।
ऑनलाइन फॉर्म की कीमत सामान्य और ओबीसी के अभ्यर्थियों के लिए 1000 रुपए व एससी, एसटी के अभ्यर्थियों के लिए 500 रुपए है।
एलयू में स्नातक, परास्नातक और पीएचडी में दाखिले के लिए इस बार तीन अलग-अलग कोआर्डिनेटर बनाए जा रहे हैं। वहीं विश्वविद्यालय प्रशासन यूजीसी नेट के लिए भी कोआर्डिनेटर तय करने जा रहा है।
विवि प्रशासन के सूत्रों के अनुसार कुलपति डॉ. एसबी निमसे जल्द ही इन तीनों कोऑर्डिनेटर की घोषणा कर सकते हैं। कोऑर्डिनेटर के नाम लगभग तय हो चुकेहैं, बस विवि प्रशासन की मुहर लगना बाकी है।