सीसीएस यूनिवर्सिटी ने छात्रों की परेशानी को देखते हुए एग्जाम फार्म भरने की डेट बढ़ा दी है। छात्र प्राइवेट और रेगुलर श्रेणी में ऑनलाइन फार्म 4 मार्च तक भर सकते हैं। छात्र ऑनलाइन ही फीस जमा कराएंगे।
इसके बाद प्रिंटेड फार्म को कॉलेज में जमा किया जाएगा। उधर, मंगलवार को भी यूनिवर्सिटी की वेबसाइट पर तकनीकी दिक्कतों से छात्र फार्म नहीं भर पा रहे हैं। वेबसाइट पर लोड ज्यादा पड़ रहा है।
जिसकी वजह से परेशानी बनी हुई है। इन दिनों सीसीएस यूनिवर्सिटी के प्राइवेट और रेगुलर श्रेणी के मेन एग्जाम फार्म भरे जा रहे हैं। पूर्व में वेबसाइट पर लोड ज्यादा पड़ने और फार्म या फीस रसीद न मिलने की शिकायतें मिल रही थीं।
यूनिवर्सिटी के सहायक प्रवक्ता डा. प्रशांत कुमार ने बताया कि कॉलेज और छात्रों की शिकायतों के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन ने मेन एग्जाम फार्म भरने की डेट को बढ़ा दिया है।
पहले ये डेट 2 मार्च निर्धारित की गई थी लेकिन अब इसे बढ़ाकर 4 मार्च कर दिया गया है। फर्स्ट ईयर के छूटे हुए छात्रों को भी मौका दिया गया है। उन्होंने बताया कि यूनिवर्सिटी प्रशासन ने यह अंतिम मौका दिया है।
इसके बाद डेट नहीं बढ़ाई जाएगी। उधर, जनपद के कई कॉलेज जैसे एमएमएच, एसडी कॉलेज में प्राइवेट श्रेणी का कोटा खत्म हो गया है। शहर के स्टूडेंट्स को अब दूर के कॉलेज मिल रहे हैं।