रेलवे ने बदलते पर्यावरण और ईंधन की बढ़ती जटिलता के मद्देनजर नए शोध की जरूरत को अपने बजट में अहम जगह दी है। इस बजट में रेलवे ने आधुनिकीकरण और उपयोगिता की बढ़ोत्तरी के लिए शोध को बढ़ावा व प्रोत्साहन देने की घोषणा की गई है। रेल मंत्री पवन बंसल ने हर साल केंद्रीय विश्वविद्यालयों के पांच छात्रों को रेलवे से जुड़े शोध के लिए छात्रवृत्ति देने का ऐलान किया है।
साथ ही इंधन व पर्यावरण पर काम करने वाली थिंक टैंक दि एनर्जी रिसर्च इंस्टीट्यूट (टेरी) के साथ मिल कर रेलवे और पर्यावरण के तालमेल पर काम करने शुरुआत की जाएगी। बंसल ने कहा है कि टेरी के साथ कार्बन फुटप्रिंट को कम करने की दिशा में गंभीर काम की शुरुआत की जा रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय रेल पर शोध करने वाले एम. फिल. और पीएचडी स्तर के छात्रों को सम्मानजनक मानदेय दिए जाने का प्रावधान भी बजट में किया गया है।