निजी क्षेत्र का बैंक एचडीएफसी बैंक अपने कृषि लोन कारोबार को बढ़ाने के लिए नई रणनीति पर काम कर रहा है। इसके तहत बैंक टियर-2 और टियर-3 शहरों में अपनी पहुंच सीधे तौर पर और बिजनेस कॉरस्पॉडेंट के जरिए बढ़ा रहा है। साथ ही भर्तियों के जरिए किसानों आदि को ज्यादा से ज्यादा जोड़ रहा है।
एचडीएफसी बैंक के एग्री बिजनेस प्रमुख माइकल एंड्राडे ने अमर उजाला को बताया कि कृषि कारोबार के लिए हमारा टियर-2 और टियर-3 शहरों में खासतौर से फोकस है। इसके लिए हम बिजनेस कॉरस्पांडेट को भी अपने साथ जोड़ रहे हैं।
एंड्राडे के अनुसार बैंक का वित्तवर्ष 2011-12 में कुल कृषि कारोबार 12,000 करोड़ रुपये का था। बैंक इसमें तेजी से विस्तार कर रहा है। कुल कारोबार में 50 फीसदी किसान क्रेडिट कार्ड की हिस्सेदारी है। इसकी हिस्सेदारी और बढ़ेगी। बाकी में बैंक वेयर हाउस, राइस मिल आदि के लिए कर्ज देता है।
उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में हमारा प्रमुख जोर किसान क्रेडिट कार्ड पर है। जिसके विस्तार से हम किसानों को ओवर ड्रॉफ्ट की सुविधा, टर्म लोन आदि की सुविधा तेजी से बढ़ाएंगे। किसानों को क्रेडिट कार्ड से उसकी प्रोफाइल के आधार पर बैंक 2.5-3 लाख रुपये तक कर्ज बैंक देगा।
इसके अलावा बैंक कृषि लोन के लिए खास तौर से नई भर्तियां भी प्रमुख रूप से छोटे शहरों में कर रहा है। चालू वित्तवर्ष के लिए बैंक ने अभी 300 लोगों की भर्तियां की है।