सोने में पिछले पांच दिनों से जारी गिरावट का दौर मंगलवार को थम गया और उसमें मजबूती लौटी।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में दाम बढ़ने और निचले भाव खरीदारी से घरेलू सराफा बाजार में सोने के दाम 300 रुपए मजबूत होकर 30,400 रुपए प्रति दस ग्राम हो गए।
औद्योगिक मांग में तेजी लौटी और चांदी हाजिर के भाव 680 रुपए सुधरकर 50,210 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गए।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने के भाव का पिछले पांच सप्ताह के निचले स्तर से ऊपर उठने और डॉलर की कमजोरी से वैकल्पिक निवेश के रूप में मांग बढ़ने से सोने की कीमतों में तेजी आई।
लंदन में सोना 0.5 फीसदी सुधरकर 1,319.75 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। चांदी भी 0.9 फीसदी की तेजी के साथ 22 डॉलर प्रति औंस दर्ज की गई।
घरेलू बाजार में सोने की कीमतों में तेजी के बावजूद आठग्रामी गिन्नी के भाव 25,000 रुपए प्रति पर टिके रहे।
चांदी साप्ताहिक आपूर्ति वायदा के भाव 1,010 रुपए ऊपर 50,060 रुपए प्रति किलो पर बोले गए। चांदी सिक्कों के भाव लिवाली 84,000 और बिकवाली 85,000 रुपए प्रति सैकड़ा पर टिके रहे।