भाजपा से अलग हो चुकी जनता दल यूनाइटेड के एक मंत्री ने गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी से कुछ ज्यादा ही प्रभावित नजर आ रहे हैं।
जदयू विधायक और नीतीश सरकार में विज्ञान व तकनीक मंत्री गौतम सिंह नरेंद्र मोदी के इस तर्क से सहमत हैं कि कमजोर केंद्र सरकार की वजह से ही सीमा पर समस्या है।
गौतम सिंह ने कहा, ‘मैं उनकी इस बात से पूरी तरह सहमत हूं कि पाकिस्तान और चीन सीमा पर समस्या नई दिल्ली के कमजोर नेतृत्व का परिणाम है।’
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और नरेंद्र मोदी की बीच की कड़वाहट जगजाहिर है। ऐसे में उन्ही की सरकार के एक मंत्री का मोदी की तारीफ करना जदयू में कई लोगों को नाराज कर सकता है।
एक समय सेना में रह चुके गौतम सिंह ने कहा कि देश के कमजोर नेतृत्व का ही नतीजा है, जो पाकिस्तान भारतीय सैनिकों के सिर काटने की हिमाकत कर सका।
मंत्री ने कहा, ‘चीन ने हमारी जमीन पर कब्जा कर लिया है और लगातार हमारी सीमा में घुसपैठ करता रहता है। वह जानता है कि नई दिल्ली में सरकार इतनी कमजोर है कि वह इसका विरोध करने के पक्ष में ही नहीं है।’
जब उनसे पूछा गया कि पार्टी उनके इस बयान को किस तरह से लेगी तो सिंह ने कहा कि उन्हें ऐसा कोई कारण नहीं दिखाई देता, जिससे पार्टी उन पर नाराज हो।
जदयू के एक और नेता केसी त्यागी भी नरेंद्र मोदी के समर्थन में दिखे। उन्होंने मोदी को जन्मदिन पर बधाई देते हुए कहा कि वह हजारों साल जिएं।
वहीं, जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मोदी के जन्मदिन पर बात की गई तो उन्होंने चुप्पी साधे रखी।