अब आप हीरा पहनने के अहसास के साथ-साथ उसकी बढ़ती कीमत जानकर भी खुश हो सकते हैं।
डायमंड मार्केट में पारदर्शिता बढ़ाने और निवेशकों को आकर्षित करने केलिए ज्वेलरी कंपनियां कई तरह की पहल कर रही हैं।
डायमंड रिटेलर डिवाइन सॉलिटेयर्स ने अपना डायमंड प्राइस इंडेक्स शुरू किया है, जिसके जरिए आप कभी भी कंपनी से खरीदे हीरे की कीमत जान सकते हैं।
यही नहीं यह इंडेक्स किसी हीरे की तीन साल पहले की कीमत और इसमें निवेश पर मिले रिटर्न की जानकारी भी आपका देगा।
वर्तमान में हीरे के दाम, क्वालिटी और प्रमाणिकता को लेकर स्थिति बहुत स्पष्ट नहीं है। कई खरीदार इसी वजह से हीरे और इसके आभूषण खरीदने से हिचकते हैं।
डिवाइन सॉलिटेयर्स केप्रबंध निदेशक जिग्नेश मेहता का कहना है कि डायमंड ज्चेलरी के अलावा निवेश का भी अच्छा विकल्प है, लेकिन इसके लिए हीरे की क्वालिटी और निवेश पर मिलने वाले रिटर्न की सही जानकारी देनी जरूरी है।
इस जरूरत को ध्यान में रखते हुए डिवाइन सॉलिटेयर ने डायमंड प्राइस इंडेक्स की शुरुआत की है। यह इंडेक्स ऑनलाइन उपलब्ध है और आप कंपनी से खरीदे गए हीरे का ब्यौरा डालकर किसी भी समय उसकी कीमत जान सकते हैं।
हीरा खरीदने का फैसला करते समय देखा जा सकता है कि कुछ साल पहले इसकी क्या कीमत थी। इस तरह के इंडेक्स से डायमंड मार्केट में पारदर्शिता को बढ़ावा मिलेगा।
भारत में खुदरा हीरे की बिक्री 95 फीसदी असंगठित क्षेत्र के जरिए होती है, लेकिन अगले पांच साल के भीतर इसमें संगठित क्षेत्र की हिस्सेदारी तेजी से बढ़ेगी।
मेहता का कहना है कि सॉलिटेयर डायमंड (हीरे का नग) के दाम पिछले तीन साल में करीब 65 फीसदी बढ़े हैं। यह निवेश के भरोसेमंद विकल्प के तौर पर तेजी से उभर रहा है।