अगले लोकसभा चुनाव की तस्वीर बदलने की उम्मीदों के साथ ही यूपीए सरकार ने अपनी महत्वाकांक्षी योजना ‘आपका पैसा, आपके हाथ’ यानी प्रत्यक्ष लाभ अंतरण योजना को देशभर में लागू करने का ऐलान किया है।
जरूरतमंद लोगों के खातों में सीधे नकद देने की योजना को लेकर सरकार की उम्मीदों के पंख इसलिए भी लग गए हैं, क्योंकि लगभग 11 लाख लोगों को इसका लाभ सीधे उनके बैंक खातों में मिला है। वित्तमंत्री पी चिदंबरम ने बाकायदा एक पैरा अपने भाषण में इस योजना के लिए बड़े खास तरीके से पढ़ा।
उन्होंने कहा कि भारत के गरीब व्यक्ति के लिए मैं कहना चाहता हूं कि असली धन वही है जो जनता के काम आए, जब हम कहते हैं कि आपका पैसा आपके हाथ। कोई इसका विरोध क्यों करें। उन्होंने कहा कि इसकी एक जनवरी, 2013 को एक नम्र और सचेत शुरुआत की गई है।
चिदंबरम ने दावा किया कि सरकार ने चारों ओर दलित बालिकाओं और जनजातीय बालिकाओं के चेहरों पर मुस्कान देखी है, जिन्हें छात्रवृत्तियां मिली हैं। यह योजना एक जनवरी, 2013 से देश के 16 राज्यों के 20 जिलों में लागू हुई थी।