अब कुंभ मेले में कोई भी न तो खोएगा और न ही भटकेगा। पर्यटन विभाग ने स्टेशन से ही कुंभ मेले तक पहुंचाने और संगम क्षेत्र में भी प्रशिक्षित गाइड तैनात किए हैं, यह भटकों को रास्ता दिखाएंगे। इन गाइड को पर्यटन विभाग द्वारा भारत सरकार की कैपिसिटी बिल्डिंग फॉर सर्विस प्रोवाइडर योजना के तहत प्रशिक्षित किया गया है।
कांशीराम पर्यटन एवं प्रबन्ध संस्थान के निदेशक प्रो. मनोज दीक्षित बताते हैं कि कुंभ यात्रियों को यात्रा सुविधाएं सुलभ कराने के लिए इलाहाबाद के पर्यटक आवास गृह में 20 से 40 साल के 270 युवाओं को स्थानीय टूरिस्ट गाइड की ट्रेनिंग दी गई है।
इस प्रशिक्षण के अंतर्गत इन गाइडों को सामान्य बातचीत, पर्यटकों से बातचीत, व्यवहार, पर्यटन स्थलों की जानकारी, आपात स्थिति में प्राथमिक उपचार की विस्तृत जानकारी दी गई है। कुंभ यात्रियों के वाराणसी जाने की संभावना को देखते हुए इसी तरह 270 युवा गाइड अरबन हाट, चौकाघाट, वाराणसी में भी प्रशिक्षित किए गए हैं।
पर्यटन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार पांच जनवरी को इन प्रशिक्षित 540 गाइडों को परिचय पत्र और जैकेट भी दे दी गई है। यह प्रशिक्षित गाइड हरे रंग की जैकेट पहने यूनिफॉर्म में लोगों को रास्ता दिखा रहे हैं। इन पर इंक्रेडेबल इंडिया टोपी और अतिथि देवो भव: लिखा हुआ है।