Rajasthan Accident: राजस्थान के नागौर जिले में एक डीजल टैंकर और ट्रक में आमने-सामने की टक्कर के बाद आग लग गई। हालांकि, गनीमत रही कि इस हादसे में कोई भी हताहत नहीं हुआ, वहीं दमकल कर्मियों घटना के बाद जल्द ही आग पर काबू पा लिया। इस वजह से डीजल टैंकर में विस्फोट से पहले आग बुझा ली गई।
राजस्थान के नागौर जिले में एक बार फिर एक सड़क हादसे ने दहशत फैला दी। सुरपालिया थाना क्षेत्र के डेह गांव के निकट कुंजल माता मंदिर के पीछे बाईपास पर मंगलवार को डीजल से लदा टैंकर और एक ट्रक के बीच आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों में तुरंत आग लग गई और कुछ ही पलों में आग की लपटें 20-25 फीट ऊंची उठने लगीं। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दूर-दूर तक दिखाई देने लगीं, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
नागौर हाईवे पर मौत का तांडव डेह बाईपास पर डीजल टैंकर-ट्रक की जबरदस्त टक्कर, दोनों वाहन जलकर खाक, लपटें आसमान छू गईं
ट्रक ने अचानक कट मारा, बेकाबू होकर टैंकर से भिड़ा, टैंकर में लगी भीषण आग
ड्राइवर का दावा: सामने से ट्रेलर ने गलत ओवरटेक किया
ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया गया काबू
नागौर, सुजानगढ़, ताल छापर से दमकल पहुंची, फोम से बुझाई आग, बड़ा विस्फोट टला
हाईवे पर कई घंटे जाम, वैकल्पिक रूट से डायवर्ट
ग्रामीणों की भीड़, पुलिस ने सुरक्षित दूरी बनाई, जांच जारी
विज्ञापन
ओवरटेक करने के दौरान बिगड़ा ट्रेलर का संतुलन
प्रत्यक्षदर्शियों और टैंकर ड्राइवर के अनुसार, सामने से आ रहा ट्रक/ट्रेलर अचानक कट मारकर ओवरटेक करने लगा, जिससे संतुलन बिगड़ गया और सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद टैंकर में भरा डीजल रिसने लगा और आग भड़क उठी। जिसके बाद दोनों वाहन धू-धू कर जलने लगे। इस हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया, दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
यातायात हुआ बाधित, एहतियातन हाईवे बंद
वहीं इस हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। सुरपालिया पुलिस ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर यातायात रोका और एहतियातन हाईवे बंद कर दिया। आग की गंभीरता देखते हुए नागौर फायर ब्रिगेड के साथ सुजानगढ़ और ताल छापर से भी दमकल गाड़ियां बुलाई गईं। दमकलकर्मियों ने पानी और फोम का इस्तेमाल कर करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
टैंकर में विस्फोट से पहले आग पर पाया गया काबू
गनीमत रही कि समय पर आग बुझा ली गई, वरना डीजल टैंकर में बड़ा विस्फोट हो सकता था, जिसके परिणाम भयानक होते। मौके पर जिला प्रशासन के अधिकारी भी पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने भीड़ को सुरक्षित दूरी पर रखा और लोगों से अफवाहों से बचने की अपील की। फिलहाल हादसे के सटीक कारणों की जांच चल रही है। यातायात कई घंटों तक प्रभावित रहा, जिसे वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया गया। नागौर पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की सलाह दी है।