भारतीय जनता पार्टी ने इस बार मणिपुर की सभी 60 सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि मणिपुर में हमारी पार्टी में कोई विवाद नहीं है। हम दो तिहाई बहुमत के साथ सरकार बनाएंगे।
मणिपुर विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने पूरी तरह कमर कस ली है। रविवार को पार्टी ने सभी 60 सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम का एलान कर दिया। चार अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को भी टिकट दिया है। मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह हेंगंग विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। भाजपा नेता संबित पात्रा ने कहा कि मणिपुर में हमारी पार्टी में कोई विवाद नहीं है। हम दो-तिहाई बहुमत के साथ हम सरकार बनाएंगे। मणिपुर की 60 विधानसभा सीटों पर 27 फरवरी और तीन मार्च को दो चरणों में मतदान होना है। 10 मार्च को नतीजे आएंगे।
विज्ञापन
भाजपा से मुकाबला के लिए विपक्ष का गठबंधन
मणिपुर में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से मुकाबला करने के लिए कांग्रेस ने पांच अन्य राजनीतिक दलों के साथ गठबंधन किया है। मणिपुर प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष एन लोकेन के मुताबिक, कांग्रेस के साथ भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी, रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी, जनता दल (सेक्यूलर) और फॉरवर्ड ब्लॉक मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं।