विशेष जांच दल (एसआईटी) ने शनिवार को रामगढ़ जिले में लूट की दो बड़ी घटनाओं को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडे ने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि एसआईटी ने बिहार और झारखंड से सरगना विभाष पासवान समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपियों ने 10 अप्रैल को एलआईसी द्वारा किराए पर ली गई एक नकद हस्तांतरण एजेंसी से कथित रूप से 29.34 लाख रुपये लूट लिए थे। इसके अलावा 8 मई को इस गिरोह ने एक आभूषण की दुकान लूट ली। मौके से 10 लाख रुपये के गहने लेकर फरार हो गए थे। उन्होंने कहा कि आरोपियों के कब्जे से गोला-बारूद, चांदी के आभूषण और 25,500 रुपये नकद बरामद किए गए है।
फेसबुक पर छात्रा की हत्या का जुर्म कबूल कर युवक ने की आत्महत्या
रांची के अरगोड़ा इलाके में छात्रा निवेदिता (20) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। फेसबुक पर लाइव आकर अंकित नाम के युवक ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसके तुरंत बाद उसने आत्महत्या कर ली। रांची पुलिस आगे की जांच कर रही है।
बता दें कि छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस के मुताबिक, शाम करीब छह बजे शहर के पटेल चौक के पास यह घटना हुई। मृतका बिहार के नवादा जिले की रहने वाली थी, जो रांची में एक छात्रावास में रह रही थी और एक निजी विश्वविद्यालय से प्रबंधन का कोर्स कर रही थी।
पूर्व मुख्यमंत्री ने की थी सरकार की आलोचना
इस घटना को लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार की आलोचना की। उन्होंने ट्वीट किया कि राजधानी के सबसे पॉश इलाके में अगर कानून व्यवस्था की ऐसी स्थिति है तो दूरदराज के इलाकों में हमारी बेटियां कितनी सुरक्षित होंगी? मगर मुख्यमंत्री को इस गंभीर समस्या की कोई परवाह नहीं है।