बोकारो जिले में सुरक्षा बलों और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई हिंसक झड़प में एक प्रदर्शनकारी की मौत हो गई, जबकि कई सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। यह घटना उस समय हुई जब प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतर आए थे। बोकारो में इस्पात भवन के सामने सुरक्षा बल और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव तब बढ़ गया, जब पुलिस ने उन्हें तितर-बितर करने की कोशिश की। झड़प के दौरान एक प्रदर्शनकारी की मौत हो गई और चार सुरक्षाकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।
डीआईजी दिग्विजय कुमार ने दी जानकारी
झड़प में एक प्रदर्शनकारी की मौत पर सीआईएसएफ के डीआईजी दिग्विजय कुमार सिंह ने कहा कि प्रदर्शनकारी बिना अनुमति के प्रदर्शन कर रहे थे और हमारे लोगों पर पत्थरबाजी कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जब प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड तोड़ दिए और कुछ जवानों को घायल कर दिया, तो पुलिस ने उन्हें खदेड़ना शुरू कर दिया। इस दौरान कुछ लोग गिर गए, जिसमें एक प्रदर्शनकारी घायल हो गया। इसके बाद जब उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।