कोरोना को लेकर मीडिया की खबरें लोगों को आत्महत्या के लिए मजबूर कर देंगी, यह किसी ने सोचा नहीं होगा। लेकिन, मंगलूरू के बैकम्पाडी से ऐसी ही घटना सामने आई है। जहां कोरोना संक्रमण के डर से एक दंपती ने आत्महत्या कर ली।
आत्महत्या से पहले दंपती ने पुलिस कमिश्नर को एक ऑडियो भेजा। इसमें उन्होंने कहा कि मीडिया द्वारा कोरोना को लेकर फैलाए जा रहे डर को अब वे और बर्दाश्त नहीं कर सकते और आत्महत्या करने जा रहे हैं। पुलिस कमिश्नर एन.शशि कुमार का कहना है कि जबतक पुलिस मौके पर पहुंची, पति व पत्नी फांसी लगाकर आत्महत्या कर चुके थे। उनकी पहचान रमेश व गुना आर. सवर्णा के रूप में हुई है।
दंपती को था कोरोना के लक्षण का डर
पुलिस का कहना है कि अपार्टमेंट में रहने वाले दंपती को पिछले कुछ दिनों से कोरोना के लक्षण प्रतीत हो रहे थे। इसको लेकर वे कई दिनों से चिंता में थे। ऑडियो नोट भेजे जाने के बाद पुलिस कमिश्नर ने तुरंत दंपती से बात की और कोई भी गलत कदम न उठाने की अपील की। पुलिस कमिश्नर ने बताया, जब तक उनके घर का पता लगाकर पुलिस वहां पहुंची, वे आत्महत्या कर चुके थे।
अवसाद में थी महिला
घटनास्थल से पुलिस को एक सुसाइड लेटर भी मिला है, जो महिला द्वारा लिखा गया है। पुलिस का कहना है कि मीडिया की खबरें या फिर कोरोना के लक्षण ही आत्महत्या का कारण नहीं है। महिला के बेटे की मौत पैदा होने के 13 दिन बाद ही हो गई थी, जिस कारण वह अवसाद में रहती थी। वहीं सुसाइड नोट में उसने खुद को मधुमेह होने व हर दिन दो इंसुलिन के इंजेक्शन लेने का जिक्र भी किया है। वहीं उन्होंने अपनी सारी संपति गरीबों के नाम करने की अपील भी की है।