आम आदमी पार्टी ने भाजपा के इन आरोपों पर अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। यह आवास अब आतिशी मार्लेना को आवंटित किया जा चुका है जो मुख्यमंत्री रहते हुए अरविंद केजरीवाल इस्तेमाल करते थे। आरोप है कि इस आवास के पुनर्निर्माण में करोड़ों रुपये खर्च किए गए हैं। भाजपा ने इसे अरविंद केजरीवाल का 'शीश महल' या 'राज महल' कहकर इसकी आलोचना की थी। अब जबकि दिल्ली विधानसभा के चुनाव आ गए हैं, भाजपा इस मुद्दे को लेकर हमलावर हो गई है।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आरोप लगाया है कि अरविंद केजरीवाल ने आम आदमी के रूप में अपनी राजनीति शुरू की थी। अपनी राजनीति की शुरुआत में उन्होंने जनता के सामने यह शपथ ली थी कि वे बंगला, गाड़ी और सुरक्षा कुछ भी नहीं लेंगे और वे एक सामान्य आदमी की तरह रहेंगे और राजनीति में बड़ा बदलाव करके दिखाएंगे।
सचदेवा ने कहा कि लेकिन मुख्यमंत्री बनते ही केजरीवाल ने अपनी असलियत दिखा दी। वे जनता के पैसों से सुख-सुविधाओं पर करोड़ों रुपये खर्च करने लगे। उन्होंने कहा कि केजरीवाल दस से 12 लाख रुपये की टॉयलेट सीट का इस्तेमाल करते हैं और करोड़ रुपये से अधिक के शॉवर में नहाते हैं। उन्होंने करोड़ों रुपये केवल आवास की साज-सज्जा में खर्च कर दिया है। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी को बताना चाहिए कि यह किस तरह आम आदमी की राजनीति है।