पुणे में 22 साल के युवक को कैमरा चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उसने ये चोरी अपनी नाबालिग गर्लफ्रेंड को महंगे तोहफे देने के लिए की थी। आरोपी युवक की पहचान आकाश भिसे को तौर पर हुई है।
उसे गिरफ्तार करने के बाद गुरुवार को स्थानीय कोर्ट ने पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। वह एनआईटी से अपना दो साल का डिप्लोमा पूरा करने के बाद फोटो असाइमेंट से पैसे कमा रहा था। वहीं दो अलग-अलग जगहों से कैमरे चोरी होने के मामले दर्ज कराए गए थे। पुलिस को आरोपी के पास इन पांच कैमरों के अलावा पांच अन्य कैमरे भी मिले हैं।
बरामद किए गए सभी कैमरे कैनन 5डी हैं। उसने कैमरों के अलावा आठ लेंस की भी चोरी की है। जो भी सामान उसके पास से मिला है उसकी कुल कीमत 26 लाख रुपये है।
आकाश 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली लड़की से चार महीने पहले ही मिला था। वह उसे दो महंगे रेस्टोरेंट भी लेकर गया। दोनों जगहों का बिल 15 हजार भरा गया था। वह कैमरों को किराए पर देकर लोन लेता था। उसने जिन्हें कैमरे किराए पर दिए थे उनसे कहा कि उसे बड़ा फोटो असाइमेंट मिला है और इसी वजह से सबने उसपर विश्वास किया। पुलिस का कहना है कि आकाश ने अपनी गर्लफ्रेंड को एक एक्टिवा, सोने की चेन, अंगूठी और अन्य सामान दिए हैं।
उसने किस्तों पर स्कूटी ली और 6 हजार रुपये की डाउन पेमेंट की। लड़की के माता-पिता को इस बात की पूरी जानकारी थी कि वह उनकी बेटी को महंगे तोहफे दिला रहा है लेकिन उन्होंने इसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। आकाश के खिलाफ फरासखाना पुलिस स्टेशन में आईपीसी की धारा 406 और 420 के तहत मामला दर्ज किया गया है।