मंगलवार रात अपने काम का पैसा मांगने पर एक किशोर की दुकानदार ने पीट पीट कर हत्या कर दी। पिटाई का विरोध करने पर किशोर के भतीजे के हाथ पैर बांधकर कमरे में बंद कर दिया। वह शव को छिपाने का प्रयास कर रहा था, तभी एक सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
मृतक किशोर विमलेश (16) गांव भरतपुर, थाना मिर्जापुर, जिला शाहजहांपुर निवासी नेकराम का पुत्र था। वह भतीजे शिवम (13) के साथ श्रीदेवी मेला एवं ग्राम सुधार प्रदर्शनी में लगी राजू निवासी पुरानी मैनपुरी की आइसक्रीम की दुकान पर काम करता था। मेला समाप्त होने के बाद भी दुकान लगी हुई थी।
बताया जा रहा है कि घटना से पहले विमलेश ने अपना भुगतान मांगा था, जिसके बाद राजू ने उसे इतना पीटा कि उसकी मौत हो गई। पुलिस हिरासत में आरोपी ने बताया कि विमलेश बीमार था और उसका उपचार भी चल रहा था। बीमारी से उसकी मौत हुई है। जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी मौत अंदरूनी चोटों के कारण होने की बात सामने आई है। उसकी पसली और कूल्हे की हड्डी भी टूटी हुई आई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी।