बस्ती के वाल्टरगंज क्षेत्र के पिपरा जप्ती गांव के पास ट्रेन से गिर कर 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई। रेलकर्मियों के मेमो पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पहचान कराने की कोशिश की। इसी बीच मृतका के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और शव की पहचान शाहिदा खातून पत्नी जफरुद्दीन निवासी भिटिया थाना उस्का सिद्धार्थनगर के रूप में की।
मौके पर पहुंचे शाहिदा के भतीजे मुजीबुर्रहमान ने बताया कि उनकी बड़ी मां शाहिदा खातून बड़े पिता जहीरुउद्दीन के साथ अजमेर शरीफ गई थीं। वे अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस से वापस लौट रहे थे। भोर में करीब दो से तीन बजे के बीच उन्होंने गलती से एंट्री गेट को बाथरूम का गेट समझकर बाहर पैर बढ़ा दिया।
घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। उधर, साथ निकले जहीरुद्दीन की खलीलाबाद रेलवे स्टेशन पहुंचने पर आंख खुली तो उन्हें न पाकर बोगी के लोगों से पूछताछ करने लगे। कुछ लोगों ने बताया कि वह बाथरूम गई थीं। बाद में रेलवे ट्रैक मैन साजन प्रसाद ने पोल संख्या 578 के बीच महिला का शव मिलने की सूचना दी।