दिल्ली के स्वरूप नगर थाना पुलिस ने एक महिला की हत्या की गुत्थी को सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने इस मामले में एक नाबालिग समेत दो लोगों को पकड़ा है। आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि उधार दिए रुपये मांगने पर महिला की हत्या की गई थी। मृतका की शिनाख्त मंजू (27) के रूप में हुई थी।
पुलिस के अनुसार, मंजू अपने पति शिवशंकर व दो बच्चों के साथ जीवन पार्क इलाके में रहती थी। 23 अगस्त को मंजू की स्वरूप नगर की गली नंबर 14 के एक मकान में हत्या कर दी गई थी। चाकू से गोदकर हत्या की गई थी। मंजू के पति ने पुलिस को बताया कि इस मकान में रहने वाली महिला को कुछ माह पहले उन लोगों ने 14 हजार रुपये उधार दिए थे।
23 अगस्त को रुपये वापस लेने के लिए मंजू अपने पति के साथ उक्त मकान में पहुंची थी। महिला घर में मौजूद नहीं थी। मंजू उसका इंतजार करने लगी, जबकि पति अपने एक दोस्त के साथ किसी काम से चला गया।
शिवशंकर जब वापस वहां पहुंचा, तो मंजू को जख्मी हालत में देखा। घर में मौजूद महिला का बेटा विक्की घर से गायब था। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मंजू को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर विक्की की तलाश शुरू की।
25 अगस्त की रात को पुलिस ने विक्की को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में विक्की ने अपना गुनाह कुबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में शामिल एक नाबालिग को भी पकड़ लिया। विक्की ने पूछताछ में बताया कि महिला उधार में दिए रुपये लेने के लिए उसके घर आई थी। उसने नाबालिग सहयोगी के साथ मिलकर महिला की हत्या कर दी।