चौथी कक्षा में पढ़ने वाला 10 साल का बच्चा ऐसा कांड कर सकता है, किसी को यकीन नहीं हो रहा, मां का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने उससे नहाने के लिए कहा था।
घटना उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले की है। परतावल में श्यामदेउरवां चौराहे पर नहाने के लिए बेटे को बार-बार कहना एक मां को जिंदगी भर का गम दे गया। मां की बात 10 साल के बेटे को इतनी नागवार गुजरी कि नाराज होकर उसने सोमवार को फांसी लगाकर जान दे दी।
जानकारी होते ही परिवार के लोग उसे आनन-फानन में मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बेटे की मौत के बाद से मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है। मां तो इस कदर सदमे में हैं कि बार-बार बेटे का नाम लेकर अचेत हो जा रही हैं।
घटना श्यामदेउरवां चौराहे की है। बेटे की मौत से गमजदा यहां रहने वाले संजय चौधरी ने बताया कि उनका बेटा नितिन चौधरी (10) कक्षा चार में पढ़ता था। सोमवार सुबह वह घर में खेल रहा था। उसकी मां उसे बार-बार नहाने के लिए कह रही थीं लेकिन वह इनकार कर रहा था।