मुंबई में स्कूल टीचर ने गुरू-शिष्य के रिश्ते को शर्मसार किया है। टीचर (42) पर 13 साल की छात्रा का रेप करने का आरोप है और वह सितंबर से फरार है। पुलिस सूत्रों के अनुसार वह दिल्ली में कहीं छुपा हुआ है और उसका परिवार भी गायब है।
टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक लड़की के पिता एक प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं, जबकि उसकी मां हाउसवाइफ है। मां-बाप का आरोप है कि जब स्कूल के दूसरे बच्चे शारीरिक शिक्षा प्रशिक्षण सत्र का हिस्सा बने हुए थे, उसी दौरान टीचर ने रेप की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस से मुताबिक टीचर ने अप्रैल और अगस्त में पीड़िता का रेप किया था।
पीड़िता ने बयां की दर्दनाक दास्तां
रोज की तरह पीड़िता अपने घर आई और खेलने लगी, लेकिन अचानक उसके पेट में दर्द हुआ। मां उसे तुरंत डॉक्टर के पास लेकर भागी, जहां डॉक्टरों ने बताया कि वह चार महीने से प्रेग्नेंट है। मां-बाप ने बच्ची से पूछा तो उसने बताया कि स्कूल का एक टीचर कई महीनों से उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता आ रहा है।
इसके बाद नाराज मां-बाप ने टीचर से सवाल किए, लेकिन वह अपने ऊपर लगे आरोपों से मुकर गया। इस बीच जब एफआईआर दर्ज कराई गई तो वह दिल्ली भाग गया। टीचर के घर में एक बेटा और बीवी है और वे दोनों भी घर से गायब हो गए हैं।
इस बीच एफआईआर दर्ज होने के बाद स्कूल की प्रिसिंपल ने आरोपी टीचर को सस्पेंड कर दिया है। आरोपी के खिलाफ पोस्को कानून के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मुंबई पुलिस का कहना है कि दिल्ली पुलिस से बातचीत की जा रही है और उसे जल्द ही धर-दबोचा जाएगा।