ताइक्वांडो कोच पर छात्रों के साथ गंदी बात करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने दो छात्रों को हवस का शिकार बनाया, तीसरे छात्र ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी टीचर को पकड़वाया।
घटना मुरादाबाद की है। निजी स्कूलों में ताइक्वांडो का प्रशिक्षण देने वाले कोच ने दो छात्रों से जबरन दुष्कर्म किया। हत्या की धमकी देकर दोनों छात्रों को कोच ने चुप भी करा दिया। शुक्रवार को तीसरे छात्र को आरोपी ने शिकार बनाना चाहा तो वह आरोपी के चंगुल से भाग निकला और मामले की सूचना स्कूल प्रबंधन को दे दी।
स्कूल प्रबंधन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कोच को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ एक छात्र के पिता ने रिपोर्ट दर्ज करा दी है। आरोपी के चंगुल से बचे कटघर थानाक्षेत्र निवासी दसवीं कक्षा के छात्र ने बताया कि करूला निवासी कासिम अली खान उसके स्कूल में ताइक्वांडो का प्रशिक्षण देने आया था। इस वजह से वह उसे जानता है।
शुक्रवार को आरोपी ने फोन कर उसे मिलने के लिए बुलाया और ताइक्वांडो का विशेष प्रशिक्षण देने का बहाना कर उसे रामपुर दोराहा ले गया। वहां पर सुनसान जगह पर कासिम ने उसे मोबाइल में पॉर्न मूवी दिखाई और गंदी हरकत करने की कोशिश की। छात्र ने विरोध जताया और वहां से भागकर घर पहुंच गया।