वायुसेना स्टेशन में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक संदिग्ध प्रतिबंधित इलाके में घुस गया। इससे अधिकारियों में हड़कंप मच गया। काफी तलाश के बाद सैनिकों ने संदिग्ध को पकड़ा। पकड़े जाने पर चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं।
घटना इलाहाबाद के वायुसेना के बम्हरौली स्टेशन की है। एक संदिग्ध युवक प्रतिबंधित क्षेत्र में घुस गया। वायु सैनिकों ने उसे पकड़कर पूछताछ की।, फिर उसे पुलिस को सौंप दिया। यहां उससे आईबी तथा अन्य खुफिया एजेंसियों ने भी पूछताछ की। संदिग्ध युवक को जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि हरकतों से वह विक्षिप्त नजर आ रहा था।
बम्हरौली वायुसेना स्टेशन में कड़ी चेकिंग के बाद ही कोई प्रवेश कर पाता है। 27 अगस्त की शाम स्टेशन के प्रतिबंधित एरिया में एक संदिग्ध युवक घूमता मिला तो एयरफोर्स के सुरक्षाकर्मियों ने उसे हिरासत में ले लिया। सूचना पर तमाम अधिकारियों ने उससे रात भर पूछताछ की। उसे बहुत मुश्किल से अपना नाम नियारण निवासी गुमला झारखंड बताया। न तो वह इलाहाबाद आने का कारण बता पा रहा था और न ही वायुसेना स्टेशन में घुसने का।
स्टेशन की बड़ी दीवारों को फांदकर वह कैसे अंदर गया, यह भी वह नहीं बता पाया। रात भर विक्षिप्त जैसी हरकत करता रहा। सुबह स्टेशन सुरक्षा अधिकारी एसएस श्रोत्रिय ने नियारण को धूमनगंज पुलिस को सौंप दिया। यहां पर उससे आईबी और एलआईयू आदि खुफिया एजेंसियों के साथ पुलिस ने भी पूछताछ की।
इंस्पेक्टर धूमनगंज एके त्यागी ने बताया कि उसकी हरकतों से वह पूरी तरह से विक्षिप्त नजर आ रहा था। उसके पास न तो कोई कागज मिला न ही मोबाइल। बहुत मुश्किल से उसने अपना नाम और पता बताया। उसके बताए पते की तहकीकात के लिए झारखंड पुलिस को सूचना दी गई है। फिलहाल, उसके खिलाफ धारा 451 आईपीसी और 3/7 ऑफिशियल सीक्रेट एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।