सोशल मीडिया से जुड़ा एक अन्य मामला इंदिरापुरम से भी सामने आया। यहां सोसाइटी में रहने वाली एक महिला ने अपने पति पर आरोप लगाया कि उसने अपने पति के फोन में कुछ संदिग्ध फोटो देखे थे, जिस कारण दोनों के बीच 6 माह से विवाद चल रहा था।
महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति उसके फेसबुक अकाउंट का पासवर्ड जानता था। जब पति विदेश यात्रा पर था तो उसने उसके फेसबुक वॉल पर उसके रिश्तेदारों की अश्लील फोटो अपलोड कर दीं। जिसके बाद महिला ने इंदिरापुरम थाने में शिकायत दर्ज कराई।
साहिबाबाद थाने में हेल्प डेस्क पर काम करने वाली सिपाही सुमित्रा का कहना है कि ज्यादातर मामलों में वह शिकायत मिलते ही विवाद का कारण समझ जाती हैं। उन्होंने बताया कि एक पक्ष दूसरे पक्ष पर कई तरह के आरोप लगाता है। ऐसे में दंपत्ति को शिकायत मिलने के कुछ दिनों बाद काउंसलिंग के लिए बुलाया जाता है।
विवाद का कारण स्पष्ट हो जाने के बाद दोनों को अकेले में 5 मिनट बात करने को कहा जाता है। इसके बाद कुछ लोग काउंसलिंग से संतुष्ट हो जाते हैं। वहीं जिन मामलों में दोनों पक्ष काउंसलिंग से संतुष्ट नहीं होते तो रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू की जाती है।
टीएचए में चार थानों के हेल्प डेस्क पर हर माह औसतन 300 से 350 शिकायतें आती हैं। शहर के सब इंस्पेक्टर आकाश तोमर का कहना है कि टीएचए के थानों में बनी हेल्प डेस्क पर हर माह दर्जनों शिकायतों का समाधान किया जाता है। इसके लिए डेस्क पर मौजूद कर्मियों को ट्रेनिंग दी जाती है।