उत्तर प्रदेश के एटा में संघ से जुड़े और बीएससी के छात्र जयनारायण (20) की हत्या कर दी। सोमवार की सुबह भागपुर गांव के पास उसका शव बरामद किया गया है। इस कत्ल के बाद कार्यकर्ता के घर में कोहराम मच गया है। पुलिस घटना की पड़ताल में जुटी है। बता दें कि कोतवाली देहात के गांव उज्जेपुर निवासी जयनारायण पुत्र सत्यप्रकाश बीएससी द्वितीय वर्ष का छात्र था। साथ ही वह राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से भी जुड़ा था।
परिजनों के मुताबिक रविवार को वह घर में था। दोपहर उसके मोबाइल पर किसी का फोन आया। फोन कटने के बाद वह किसी से 800 रुपये लेने की बात कहकर घर से निकला था। तभी से गायब था।
देर तक नहीं लौटने पर परिवारीजनों ने उसके मोबाइल पर रिंग की, लेकिन फोन नहीं लगा। खोजबीन भी की गई। कोई सुराग नहीं लगा।
शव देखने के बाद मच गया हड़कंप
इधर, सोमवार को अपराह्न तीन बजे बागवाला थाना क्षेत्र के गांव भागपुर स्थित बंबा में लोगों ने शव देखा, तो वहां भीड़ लग गई। किसी ने शव की शनाख्त जय नारायण के रूप में की। सूचना पर पुलिस के साथ परिवारीजन भी आ गए। शव देखते ही घरवालों में कोहराम मच गया।
पिता का आरोप है कि जय नारायण की हत्या कर शव बंबा में फेंका है। एसएसपी सत्यार्थ अनिरूद्ध पंकज ने बताया कि युवक रविवार से लापता था। सोमवार को बंबा में शव मिला। मामले की जांच कराई जा रही है।
मोबाइल खोलेगा हत्या का राज
जयनारायण के पास से एक मोबाइल मिला है। यही सेलफोन उसकी हत्या का राज खोलेगा। परिवारीजनों के मुताबिक फोन पर हुई बात के बाद ही वह घर से निकला था। ऐसे में पुलिस ने मोबाइल को कब्जे में लेकर तफ्तीश शुरू कर दी है। वहीं जिला अस्पताल पहुंचे लोगों ने बताया कि रविवार को अपराह्न करीब एक बजे जय नारायण को गांव वाहनपुर के पास देखा गया था।