यूपी के बुलंदशहर के रामघाट थाना क्षेत्र की एक किशोरी को घर में ही जिंदा जला दिया गया। उसकी मेडिकल कॉलेज में दो दिन बाद मौत हो गई। इस संबंध में फिलहाल कोई मुकदमा आदि तो दर्ज नहीं हुआ है। मगर स्थानीय पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
पीड़ित किशोरी की मां के अनुसार 14 वर्षीय किशोरी के साथ उसके फूफा ने गांव में ही दुष्कर्म किया था। घटना छह माह पुरानी है। इसके बाद से ही परिवार में कलह चल रही थी।
परिजन इस मामले को दबाने में लगे थे, मगर मां ने मामले को तूल दे दिया था। वाकया रविवार का है, जब किशोरी की मां अपने मायके यहां अलीगढ़ आई थी। किशोरी अपने गांव में अकेली थी। तभी उसे फूफा आदि परिजनों ने घर में अकेला पाकर पीटा और मारपीट कर कमरे में बंद कर जिंदा जला दिया।
बाद में किसी तरह किशोरी को आनन-फानन मेडिकल कॉलेज लाया गया। इधर, सूचना पर मायके से किशोरी की मां भी मेडिकल कॉलेज पहुंच गई। जहां दो दिन तक चले इलाज के बाद किशोरी ने मंगलवार सुबह दम तोड़ दिया।
मां ने यहां मौखिक तौर पर अपने ससुरालवालों और किशोरी के फूफा आदि पर आरोप लगाया है। चूंकि घटना रामघाट की है। इसलिए पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।