उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में एक स्कूल के अंदर नोट बैन का इफेक्ट दिखा। चौंका देने वाली बात है कि इस मारामारी में स्कूल की प्रिंसिपल ने हदे पार कर दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार फीस में 500 रुपये का पुराना नोट थमाते ही प्राइवेट स्कूल की प्रिंसिपल ने छात्रा को जोरदार चांटा जड़ दिया। प्रिंसिपल ने कड़े शब्दों में कहा कि पांच सौ का यह नोट बंद हो गया है।
छात्रा ने कहा कि उसे जानकारी नहीं है तो यह सुनते ही और भड़क उठी। छात्रा का आरोप है कि प्रिंसिपल ने पीटते हुए जमीन पर गिरा दिया और लात-घूसों से जमकर पीटा। छात्र-छात्राओं सहित शिक्षकों ने किसी तरह उसे बचाया। घर लौटी छात्रा की हालत देखते ही परिजनों के होश उड़ गए। उसे लेकर थाने पहुंचे और प्रिंसिपल के खिलाफ तहरीर दी।