कूटरचित दस्तावेज तैयार कर फर्जी बैनामा कराने के मामले में भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश त्रिपाठी समेत 20 लोगों के खिलाफ पट्टी कोतवाली में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज हुआ है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी उसकी जमीन को लेकर मारपीट पर आमादा रहते हैं। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। हालांकि पट्टी कोतवाल सफाई देते रहे कि भाजपा जिलाध्यक्ष के खिलाफ कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।
कंधई थाना क्षेत्र के पूरे पांडेय निवासी संतोष कुमार पुत्र अच्छेलाल ने पट्टी पुलिस को तहरीर देकर जमीन का फर्जी बैनामा कराने का 20 लोगों पर आरोप लगाया। संतोष ने तहरीर में कहा है कि उसके पिता अच्छेलाल की काफी पहले मौत हो चुकी है। पिता के नाबालिग रहने के दौरान परिवार के हीरालाल पुत्र ठाकुरदीन ने हमारी भूमिधरी और आबादी की जमीन का फर्जी बैनामा कूटरचित दस्तावेज तैयार करा लिया।
उसके पिता व दादी के हिस्से की भूमि का फर्जीवाड़ा कर दूसरों को बैनामा कर दिया। जिसके आधार पर आरोपी और उनके वारिसान उसकी जमीन पर जबरन कब्जा किए हुए हैं और भूमि हड़पने के लिए मारपीट पर आमादा रहते हैं। संतोष की तहरीर पर पुलिस ने हरीलाल, लालती देवी, उदयराज, गुलाबचंद्र, दुर्गा प्रसाद पटवा, प्रेमचंद्र पटवा, अशोक कुमार पटवा, विजय कुमार पटवा, राजाराम, श्यामशंकर, शकुंतला देवी, मुबारकुल निशा निवासी पूरे पांडेय, आनंदमणि, वीरनारायण, ओमप्रकाश पुत्र चिंतामणि निवासी गहरीचक, छविनारायण निवासी करनपुर खूझी, उमाशंकर, दयाशंकर निवासी शीतलागंज, पवन कुमार व गुरुप्रसाद निवासी पूरे पांडेय के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
संतोष का आरोप है कि यदि उसके साथ कोई घटना घटित होती है तो सभी आरोपी जिम्मेदार होंगे। हालांकि जब पट्टी कोतवाल को मुकदमे में भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश त्रिपाठी का नाम शामिल होने का पता चला तो वह अनभिज्ञता जताने लगे। बोले कि कोई धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया हैं, जिसमें भाजपा जिलाध्यक्ष का नाम नहीं है।
मामले को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश त्रिपाठी का कहना है कि पट्टी कोतवाली में जो मुकदमा दर्ज हुआ है, उसके बारे में कोई जानकारी नहीं है। हो सकता हो किसी ने साजिश के तहत मेरा भी नाम डलवाया हो।