चुनावी रंजिश में गांव भौरखेड़ा जिगनिया के प्रधान 52 वर्षीय देवनरायन गंगवार की अज्ञात हमलावरों ने घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी। प्रधान के भाई की तहरीर पर पुलिस ने समाजवादी पार्टी के जिला सचिव समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। लेकिन, घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
उन्होंने छह महीने पहले ही अपनी हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस और अधिकारियों को पत्र दिए थे लेकिन सपा नेता पर आरोप होने के कारण पुलिस ने उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की। गांव भौरखेड़ा जिगनिया निवासी रोशनलाल ने बताया कि उनके प्रधान भाई देवनरायन मंगलवार दोपहर डेढ़ बजे घर में बैठे थे तभी दो बाइक से चार युवक पहुंचे।
दो युवक बाइक स्टार्ट किए उन पर बैठे रहे, जबकि दो घर के अंदर घुस आए और देवनरायन को आवाज दी। वह जैसे ही घर से निकले एक युवक ने तमंचे से उन्हें गोली मार दी। गोली लगते ही वह गिर गए और हमलावर भाग निकले।
लोगों ने पकड़ने की कोशिश लेकिन हमलावर भाग निकले
- फोटो : Demo Pic.
गोली की आवाज सुनकर देवनरायन के घर के बाहर खड़े लोगों ने बाइक से हमलावरों का पीछा किया, लेकिन वे पकड़ में नहीं आए। घरवाले प्रधान को बंडा के सरकारी अस्पताल लाए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई कृष्ण कुमार गंगवार और रोशन लाल ने हत्या की वजह प्रधानी के चुनाव की रंजिश बताई है।
रोशन लाल की ओर से सपा के जिला सचिव गांव मोहद्दीनपुर के राजीव गंगवार के अलावा अपने गांव के अनिरुद्ध वर्मा, लालता वर्मा, अशोक, अभिमन्यु, भीमसेन के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उधर, राजीव गंगवार का कहना है कि घटना के समय वह बंडा थाने में पीस कमेटी की बैठक में थे। उन पर झूठा आरोप लगाया जा रहा है।
सूचना पर एएसपी रमेश कुमार भारतीय ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल कर पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। बताया जाता है कि प्रधानी के चुनाव में अनिरुद्ध वर्मा भी मैदान में थे, तभी से रंजिश चल रही है। देवनरायन पिछले तीन बार से गांव के प्रधान थे। इसके पहले उनके बड़े भाई जयंती प्रसाद तीन बार ग्राम प्रधान चुने गए थे।