युवती की मोहब्बत में पागल हुए नाबालिग प्रेमी ने टीवी पर क्राइम पेट्रोल देख, ऐसी खतरनाक साजिश रच डाली, जिसके कारण उसके पिता डिप्रेशन का शिकार हो गए। 16 साल के बॉयफ्रेंड ने अपनी गर्लफ्रेंड को पैसे से मदद करने के लिए खुद के अपहरण की साजिश रची। आरोपी बॉयफ्रेंड के साथ उसका बचपन का दोस्त भी साजिश में शामिल था। घटना मुंबई के पलघर इलाके की है। यहां मुंबई क्राइम ब्रांच ने एक 16 साल के लड़के को गिरफ्तार किया है, तब जाकर इस साजिश का खुलासा हुआ।
अंग्रेजी वेबसाइट मिड डे की खबर अनुसार आरोपी लड़के के साथ उसका बचपन का दोस्त भी शामिल था। बताया जा रहा है आरोपी लड़के का पिता लड़के को कुछ दिनों के लिए उसके चाचा के घर छोड़कर आया था, क्योंकि उसके पिता को लड़के पर किसी लड़की के साथ प्रेम संबंध को लेकर शक था। चाचा के घर पहुंचकर आरोपी लड़के ने खुद के अपहरण की साजिश रची।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को लड़के के पिता के पास एक कॉल आया जिसमें अपहरणकर्ता ने लड़के के पिता को बोला कि आपका बेटा किडनैप को गया है, अगर उसे बचाना चाहते हो तो 50 लाख रुपये की फिरौती देनी होगी। वहीं इस फोन कॉल से पहले लड़के के चाचा और पिता ने साकीनाका पुलिस स्टेशन में लड़के की लापता होने की रिपोर्ट दर्ज करवाई हुई थी। कॉल आने के बाद चाचा और पिता ने पुलिस को फिरौती की कॉल की जानकारी दी। जिसके बाद फोन नंबर की मदद से पुलिस ने अपहरणकर्ता को पकड़ लिया।