उत्तर प्रदेश के बिजनौर से दिल को दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक मां ने अपनी गोद को खुद ही उजाड़ लिया। उसने अपनी चार महीने की बेटी को गुस्से में आकर खत्म कर दिया। हैरान करने वाली बात है कि बच्ची की हत्या जमीन पर पटक-पटक कर की गई है।
सनसनीखेज वारदात से मोहल्ले के लोग स्तब्ध हो गए। इस मसले पर बैठी पंचायत में कोई निर्णय होने के बाद बच्ची के शव को सुपुर्द-ए खाक किया जाएगा। नहटौर के एक मोहल्ले में श्रमिक का परिवार रहता है। वह दिल्ली में रहकर शादी और विवाह में काम करता है। उसकी शादी चार वर्ष पहले नूरपुर क्षेत्र की एक महिला से हुई थी।
शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद चल रहा है। परिवार में एक तीन वर्ष का बेटा और चार माह की बेटी है। बेटी के जन्म होने के बाद ही महिला ससुराल छोड़कर अपने मायके चली गई थी। बच्ची को उसने अपने ससुराल में ही छोड़ दिया था। बच्ची का पालन पोषण उसके दादा-दादी करते थे। युवक पांच दिन पूर्व ही दिल्ली से घर आया था।