हाथरस। घर में शौचालय न होने के कारण खुले में शौच करने के लिए मजबूर महिलाओं से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। कोतवाली हाथरस गेट के वाटर वर्क्स इलाके में ऐसी ही महिलाओं से छेड़छाड़ करने वाले आरोपी को रविवार को लोगों ने दबोच लिया और जमकर धुना। आरोपी अक्सर झाड़ियों में छिपकर छेड़खानी करता था। पुलिस ने शांतिभंग आरोपी का चालान कर दिया है।
लोगों के मुताबिक हर रोज सुबह मोहल्ले की कई महिलाएं कुछ दूर मौजूद झाडिय़ों में शौच करने जाती हैं। मोहल्ले का ही एक युवक बीते कई महीनों से झाड़ियों में जाकर बैठ जाता था और शौच कर रही महिलाओं को तंग करता था।
बदनामी के डर से चुप रहती थीं महिलाएं
खुले में शौच
- फोटो : सांकेतिक चित्र
वह कई बार महिलाओं के साथ छेड़खानी कर चुका है, लेकिन बदनामी के डर से महिलाओं ने इसे लेकर पुलिस से शिकायत नहीं की। इस घटना की जानकारी पर मोहल्ले के लोग उसे दबोचने की फिराक में लगे हुए थे।
रविवार सुबह लोग झाड़ियों के पास चुपचाप आरोपी के के इंतजार में खड़े ही थे कि एक महिला ने शोर मचा दिया। इससे पहले कि आरोपी झाड़ियों से निकलकर भागता, मोहल्ले के लोगों ने उसे दबोच लिया और जमकर धुनना शुरू कर दिया। आक्रोशित महिलाओं ने भी युवक की पिटाई की।
लोग युवक को पीटते हुए थाने ले गए। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। लेकिन इस मामले में किसे ने तहरीर नहीं दी, इसलिए पुलिस ने दोपहर बाद आरोपी का शांति भंग करने के आरोप में चालान कर दिया। कोतवाल अनिल कुमार सिंह का कहना है कि महिलाओं के लिखित शिकायत देने पर आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।