स्थानीय शॉपिंग मॉल में नौ साल की बच्ची से रेप का मामला सामने आया है। पुलिस ने बच्ची के साथ कथित रूप से रेप के आरोप में गेमिंग जोन के कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। इस घिनौनी वारदात को बृहस्पतिवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के दिन अंजाम दिया गया।
पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) हरिनारायणाचारी मिश्रा ने बताया कि शहर के एमजी रोड स्थित शॉपिंग मॉल के गेमिंग जोन के कर्मचारी 19 वर्षीय अर्जुन राठौर पर आरोप है कि वह नाबालिग लड़की को जबरन एक कोने में ले गया और उसके साथ रेप किया। लड़की अपने परिवार के साथ शॉपिंग मॉल गई थी और वारदात के समय गेमिंग जोन में खेल रही थी।
बच्ची ने अपनी मां को घटना के बारे में बताया। शॉपिंग मॉल में मौजूद लोगों ने गेमिंग जोन के कर्मचारी की पिटाई के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया। मिश्रा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ रेप और पॉक्सो के तहत मामला दर्ज किया गया है।