हरियाणा के रेवाड़ी के गांव खोल में एक प्रेमी युगल द्वारा जहरीला पदार्थ निगलने का मामला सामने आया है। युवक-युवती की तबीयत बिगड़ने पर दोनों को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते दोनों को रेफर कर दिया। उपचार के दौरान जहां युवक मौत हो गई, वहीं युवती की हालत भी गंभीर बनी है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी मुताबिक युवती का सात सितंबर को निकाह होना था। बताया जा रहा है कि इसके चलते ही दोनों में एक साथ जहर निगल लिया।
जानकारी अनुसार गांव खोल निवासी 30 वर्षीय इकबाल का उसके ही समुदाय की 22 वर्षीय एक युवती से लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। कुछ समय पहले ही युवती के परिजनों ने सात सितंबर को उसका निकाह तय किया था, इस बात को लेकर इकबाल परेशान था।
बताया जा रहा है कि बुधवार को युवती के परिजन घर पर नहीं थे। इस दौरान प्रेमी युगल ने गांव से बाहर जाकर जहरीला पदार्थ खा लिया। इसके बाद दोनों अपने-अपने घर लौट आए। इसके बाद दोनों की तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया।
अस्पताल में युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। थाना खोल एसएचओ बिरेंद्र ने बताया कि मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है। लेकिन अभी तक किसी ओर से शिकायत नहीं मिली है। मामले की जांच की जा रही है।