उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में पोलियो की दवा दिए जाने के कुछ घंटों बाद ही एक नवजात बच्चे की मौत हो गई। इस घटना के बाद प्रशासन सवालों के घेरे में आ गया है। दरअसल, परिजनों का आरोप है कि पल्स पोलियो की दवा पीने के बाद एक 20 दिन के बच्चे की मौत हो गई।
गुस्साए परिजनों और उनके साथ-साथ ग्रामीणों ने बूथ पर जमकर हंगामा मचाया। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने बच्चे के शव की और पोलियो की उस वैक्सीन की जांच करवाने के निर्देश दिए हैं।
गोंडा रोड पर गांव मीर की नगलिया में सोनू अपनी पत्नी नीरज के साथ रहता है। वह मजदूरी का काम करता है। उसका दूसरा बेटा 20 दिन पहले ही पैदा हुआ था। गांव में स्कूल पर पोलियो की दवा पिलाने के लिए बूथ लगाया गया सोनू बच्चे को लेकर दवा पिलवाने के लिए आया। पोलियो की दवा पिलाने के बाद दंपती बच्चे के साथ घर चला गया और नीरज ने देखा कि बच्चा निढाल पड़ा हुआ था।
बच्चे की हालत देखकर मां-बाप के होश उड़ गए। गांव के ही एक चिकित्सक के पास बच्चे को लेकर गए। डॉक्टर ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन ग्रामीणों के साथ उक्त बूथ पर पहुंचे और हंगामा शुरू किया। गुस्साए लोगों को समझाया गया।