इत्र कारोबारी ने आठ करोड़ रुपये की अघोषित संपत्ति सरेंडर की है। कारोबारी को अघोषित संपत्ति पर आयकर देना होगा। साथ ही तीन गुना जुर्माना भी देना पड़ेगा।
उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में इत्र कारोबारी अवधेश कुमार सिंह के गिर्राज कॉलोनी स्थित आवास और हसायन में बनवारीपुर स्थित उनके कारखाने और पैतृक आवास पर आयकर विभाग की छापेमारी 28 घंटे जारी रहने के बाद शुक्रवार सुबह 11 बजे खत्म हुई।
पढ़ें:- इनकम टैक्स विभाग की बड़ी कार्रवाई, तमिलनाडु में 33 ठिकानों पर छापेमारी जारी
हाथरस कार्यालय के आयकर अधिकारी अतुल चतुर्वेदी ने छापेमारी के बाद मीडिया को बताया कि इत्र कारोबारी ने आठ करोड़ रुपये की अघोषित संपत्ति सरेंडर की है। छापे में उनके घर से साढ़े तीन करोड़ रुपये नकद और सवा किलो सोना मिला है।
अघोषित संपत्ति पर 30 फीसदी आयकर वसूल किया जाएगा। आयकर का तीन गुना जुर्माना भी इत्र कारोबारी से वसूल किया जाएगा। आयकर विभाग के अधिकारियों का यह भी कहना है कि अभी तक की जांच में जो जानकारी मिली है वह काफी नहीं है।
फाइल
- फोटो : सांकेतिक चित्र
इत्र कारोबारी से मिले दस्तावेजों की जांच जारी है। जांच में जो भी तथ्य मिलेंगे, उनके आधार पर आगे भी कार्रवाई की जा सकती है। कानपुर और आगरा के आयकर अधिकारियों की भारी-भरकम टीम ने गुरुवार सुबह सात बजे अवधेश कुमार सिंह के ठिकानों पर छापा मारा था।
कारोबार की जड़ें ओडिसा में होने की जानकारी मिलने पर आयकर विभाग की एक यूनिट को ओडिशा के बहरामपुर और भुवनेश्वर स्थित दफ्तरों की जांच के लिए भेज दिया गया था। पैरामिलिट्री के साथ छापे को पहुंचे आयकर विभाग के अधिकारियों की पूछताछ।
पढ़ें:- केंद्र सरकार के दवा सप्लायर राकेश जैन के ठिकाने पर छापा, 300 करोड़ की आय का खुलासा
जांच के दौरान इत्र कारोबारी अवधेश कुमार सिंह और उनकी पत्नी की हालत भी बिगड़ी थी। दंपति को प्राथमिक उपचार भी दिलाया गया था। अवधेश कुमार सिंह के ठिकानों पर छापेमारी से शहर के कारोबारियों में हलचल है। इनकम टैक्स की इस कार्रवाई की चर्चा पूरे शहर में है।
छापेमारी के दौरान तमाम तरह के कयास लगाए जा रहे थे। शुक्रवार को छापे की समाप्ति के बाद आयकर अधिकारियों ने घर में मिले कैश और सोने का ब्योरा देकर स्थिति स्पष्ट कर दी।